एलपीजी गैस सिलेंडर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Bhiwandi LPG Supply Alert: पश्चिम एशियाई देशों में सैन्य संघर्ष की स्थिति के चलते तेल की कमी के खतरे को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की सप्लाई को आसान बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
जिला कलेक्टर डॉ श्रीकृष्ण पांचाल ने साफ चेतावनी दी है कि गैर-कानूनी तरीके से गैस सिलेंडर जमा करने या घरेलू सिलेंडर का कमर्शियल इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय में भिवंडी प्रांत अधिकारी सहित अन्य तालुका के तहसीलदारों, राजस्व कर्मियों, राशनिंग अधिकारी की अहम बैठक हुई, जिसमें भिवंडी प्रांत अधिकारी अमित सानप सहित तहसीलदार अभिजीत खोले, राशनिंग अधिकारी सहित शाहपुर, कल्याण, मुरबाड़ आदि एरिया के राजस्व अधिकारी मौजूद थे।
गौरतलब हो कि भिवंडी प्रांत अधिकारी अमित सानप ने भिवंडी सहित तालुका एरिया में ब्लैक मार्केटिंग में लिप्त गैस कंपनी संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि, केंद्र सरकार ने एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट 1968 लागू किया है।
गैस डिस्ट्रीब्यूशन के लिए प्राथमिकताएं तय की गई हैं। गैस सप्लाई पर किसी भी तरह का असर न पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। भिवंडी प्रांत अधिकारी अमित सानप ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।
गैस डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी शिकायतों को तुरंत सुलझाने के लिए डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ऑफिस में एक स्पेशल कंट्रोल रूम बनाया गया है। गैस बुक न होने या सिलेंडर मिलने में देरी की शिकायतें मिलते ही संबंधित गैस कंपनियों के सेल्स ऑफिसर उन्हें तुरंत सुलझा रहे हैं। घरेलू सिलेंडर गैस धारकों को चिंतित होने की कतई जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि डर के मारे बेवजह गैस सिलेंडर का रजिस्ट्रेशन न करें। सिलेंडर जरूरत के हिसाब से ही बुक किए जाएं, ताकि सभी ग्राहकों को समय पर सप्लाई हो सके। गैस डिस्ट्रीब्यूशन की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि ठाणे जिले में करीब 2 लाख 27 हजार 742 डोमेस्टिक और 4 हजार 430 कमर्शियल गैस कनेक्शन होल्डर हैं।
ये भी पढ़ें :- पुणे में जासूसी केस की सुनवाई जारी, प्रदीप कुरुलकर पर ‘हनीट्रैप’ से जुड़ी गंभीर आरोप
जिले में 13 बड़ी गैस एजेंसियां चल रही हैं। भिवंडी में करीब 5-6 गैस डीलर हैं। प्रतिदिन करीब 5 हजार 922 डोमेस्टिक और 622 कमर्शियल सिलेंडर की जरूरत होती है। गैर-कानूनी इस्तेमाल और जमाखोरी को रोकने के लिए तहसीलदार अभिजीत खोले की अध्यक्षता में स्पेशल टीमें तैनात की गई हैं।