कर्तव्य पथ पर शहीद हुए सुरक्षा गार्ड विदीप जाधव, सुनेत्रा पवार ने परिवार को बंधाया ढांढस- 'मैं आपके साथ हूँ'

Sunetra Pawar Meets Vidip Jadhav Family: बारामती विमान हादसे में अजित पवार के साथ शहीद हुए PSO विदीप जाधव के परिवार से सुनेत्रा पवार ने मुलाकात की। उन्होंने बच्चों और पत्नी को ढांढस बंधाया।
Sunetra Pawar Meets Vidip Jadhav Family
Sunetra Pawar Meets Vidip Jadhav Family (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on: 
Updated on: 

Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए पिछला सप्ताह काला अध्याय साबित हुआ। बारामती में हुए विमान हादसे में न केवल राज्य ने अपना एक दिग्गज नेता अजित पवार खोया, बल्कि उनके साथ साये की तरह रहने वाले उनके विश्वासपात्र सुरक्षा रक्षक (PSO) विदीप जाधव का भी निधन हो गया। इस अपार व्यक्तिगत दुख के बीच, नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। अपना व्यक्तिगत शोक एक तरफ रख, वे सतारा के तरडगांव स्थित विदीप जाधव के निवास पर पहुंचीं और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुलाकात के दौरान सुनेत्रा पवार बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने स्वर्गीय विदीप जाधव की पत्नी और बच्चों के सिर पर स्नेहपूर्वक हाथ रखते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि वे इस कठिन समय में अकेली नहीं हैं। सुनेत्रा पवार ने कहा, "किसी भी परेशानी में मैं और मेरा पूरा परिवार आपके साथ खड़ा है।" इस भावुक मिलन को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। यह दृश्य एक राजनेता से परे एक संवेदनशील महिला और अभिभावक के रूप में सुनेत्रा पवार के व्यक्तित्व को दर्शाता है।

विदीप जाधव: फडणवीस और पवार के भरोसेमंद रक्षक

विदीप जाधव केवल एक सुरक्षाकर्मी नहीं थे, बल्कि वे महाराष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों में से एक थे। परिवार के सदस्य गणेश जाधव ने बताया कि विदीप साल 2019 से अजित पवार के पीएसओ के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले 2016 से 2019 तक उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाली थी। महाराष्ट्र पुलिस बल में उनकी पहचान एक शांत, संयमित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की थी।

पूरे परिवार को जोड़कर रखने वाली कड़ी टूटी

विदीप जाधव की असामयिक मृत्यु से सतारा में उनका पूरा परिवार टूट चुका है। परिजनों का कहना है कि वे न केवल देश और नेताओं की सुरक्षा करते थे, बल्कि अपने पूरे कुनबे को एक साथ जोड़कर रखने वाली मजबूत कड़ी थे। गणेश जाधव ने कहा, "विदीप की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि वह हमारे पूरे परिवार का ख्याल रखते थे। उनके जाने से ऐसा महसूस हो रहा है जैसे हमारे घर की छत ही चली गई हो। अब एक परिवार के तौर पर बिना उनके साथ रहना हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है।"

अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब

बुधवार को बारामती में हुए विमान हादसे के बाद उसी रात सतारा के फलटण में विदीप जाधव का अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम सफर में भारी संख्या में लोग उमड़े, जिसमें पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ-साथ कई राजनेता भी शामिल हुए। विदीप के सहयोगियों ने उन्हें एक ऐसे योद्धा के रूप में याद किया जिसने अपने नेता के साथ कर्तव्य निभाते हुए अंतिम सांस ली। सुनेत्रा पवार की इस सांत्वना मुलाकात ने पीड़ित परिवार को यह आश्वासन दिया है कि उनकी कुर्बानी को भुलाया नहीं जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com