

Akkalkot Darshan News: सोलापुर-पुणे हाईवे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोंडी के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे समेत दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पुणे से अक्कलकोट में स्वामी समर्थ के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए सोलापुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुणे जिले के देहूरोड निवासी रवि खंडागले का परिवार अक्कलकोट दर्शन के लिए निकला था। हादसे में सिंधु रवि खंडागले (42), उनकी बहन नंदा भाऊराव नाथकाकर (45) और डेढ़ वर्षीय रुद्राक्ष मोरे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रुद्राक्ष के पिता उमेश प्रकाश मोरे (32) और मां साक्षी मोरे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घटना की शिकायत सोलापुर सिविल पुलिस चौकी में दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जो परिवार खुशी-खुशी दर्शन के लिए निकला था, वह कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। डेढ़ साल के रुद्राक्ष की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घायल माता-पिता बार-बार अपने बच्चे को देखने की जिद कर रहे थे, जबकि परिवार के लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते नजर आए।