मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर ट्रैक बहाली में बारिश का झटका: 15 मीटर भराव बहा; रविवार को मध्य रेलवे पर मेगा ब्लॉक

Mumbai Pune Rail Route: ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच भारी बारिश से 15 मीटर का रेल भराव बहा, यातायात बहाली में होगी देरी। रविवार को मुंबई उपनगरीय मार्गों पर 5 घंटे का मेगा ब्लॉक रहेगा।
Mumbai-Pune rail restoration delayed as 15-meter track filling washes away amid heavy rain. Central Railway announces a 5-hour mega block this Sunday
मुंबई-पुणे रेल मार्ग (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Pune Rail Track Restoration: मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर यातायात पूरी क्षमता से बहाल करने की कोशिशों को मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर झटका दिया है। ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल स्टेशनों के बीच पुनर्निर्माण के लिए डाला गया करीब 15 मीटर लंबा भराव तेज बारिश के पानी में बह गया, जिससे मरम्मत कार्य और जटिल हो गया है। भारत के सबसे तीव्र ढाल वाले रेल घाटों में शामिल लोनावला-कर्जत सेक्शन में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बारिश के कारण रेल सेवाओं के सामान्य होने में अब और देरी की आशंका है।

दोबारा बहने का खतरा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस घाट सेक्शन का रूलिंग ग्रेडिएंट 1:37 है, जिससे ऊंचे पहाड़, लगभग 60 मीटर गहरी घाटियां और तीव्र ढाल पुनर्बहाली कार्य को बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं। लगातार बारिश, धुंध और कम दृश्यता के कारण चट्टानें खिसकने और नया भराव दोबारा बहने का खतरा बना हुआ है।

भारी मशीनरी और निर्माण सामग्री को घटनास्थल तक पहुंचाना भी मुश्किल हो रहा है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी और पोकलेन जैसी मशीनों की मदद ली जा रही

है। साथ ही ट्रैक अलाइनमेंट, सिग्नल प्रणाली और ओवरहेड विद्युत लाइन की मरम्मत एक साथ की जा रही है।

1,100 लोग मरम्मत कार्य में जुटे

भविष्य में नुकसान रोकने के लिए गेबियन वॉल और रॉक बोल्टिंग जैसी सुरक्षात्मक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। मध्य रेलवे के 1,060 और पश्चिम रेलवे के 40 कर्मचारियों सहित कुल 1,100 से अधिक इंजीनियर, तकनीशियन और कर्मचारी दिन-रात राहत व मरम्मत कार्य में जुटे हैं। वन विभाग और जिला प्रशासन भी मशीनरी व सामग्री पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। रेलवे का कहना है कि घाट क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए रेल यातायात पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं।

रविवार को मध्य रेलवे के मार्गों पर मेगा ब्लॉक

मुंबई उपनगरीय रेल मार्गों पर पटरियों की मरम्मत और सिग्नल प्रणाली से जुड़े तकनीकी कार्यों के लिए रविवार को मध्य रेलवे के विभिन्न मार्गों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान सीएसएमटी-विद्याविहार अप व डाउन धीमी लाइन और हार्बर लाइन पर सीएसएमटी-चुनाभट्टी-बांद्रा अप व डाउन लाइन पर सुबह 10।55 बजे से दोपहर 3.55 बजे तक ब्लॉक रहेगा।

ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी से चलने वाली धीमी लाइन की डाउन सेवाओं को सीएसएमटी और विद्याविहार के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकेंगी।

इसी के साथ विद्याविहार स्टेशन पर पुनः डाउन धीमी लाइन पर लौटेंगी, इसी प्रकार घाटकोपर से चलने वाली अप धीमी लाइन की सेवाओं को विद्याविहार से सीएसएमटी के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें कुर्ला, सायन, माटुंगा, दादर, परे  ल और भायखला स्टेशनों पर रुकते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com