मुंबई में बारिश से पश्चिम रेलवे प्रभावित, 49 ट्रेनें रद्द, 19 हजार यात्रियों को भोजन और 52.65 लाख रुपये रिफंड

Mumbai Trains Cancelled: मुंबई में मूसलाधार बारिश से पश्चिम रेलवे की 49 ट्रेनें रद्द और कई शॉर्ट टर्मिनेट हुईं। रेलवे ने 19,000 यात्रियों को भोजन और 7,135 यात्रियों को 52.65 लाख का रिफंड दिया।
Heavy rains disrupt Western Railway operations in Mumbai with 49 trains cancelled. WR launched a relief mission, providing food to passengers and Rs 52.65 lakh in refunds.
मुंबई ट्रेनें रद्द (सोर्स- सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Western Railway Mumbai Cancelled Refund: मूसलाधार बारिश से पश्चिम रेल सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई। इस बीच 49 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया और कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। इसके के बावजूद पश्चिम रेलवे ने व्यापक मॉनसून मिशन के जरिए राहत अभियान चलाकर यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई।

इस दौरान 19,000 से अधिक यात्रियों को भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया गया। 1,020 यात्रियों के लिए 17 बसों की वैकल्पिक व्यवस्था की गई और रेलवे नियमों के तहत 7,135 यात्रियों को 52.65 लाख रुपए का रिफंड भी दिया गया।

पश्चिम रेलवे के विभिन्न सेक्शनों में मूसलाधार बारिश से रेल सेवाएं प्रभावित होने के बावजूद मुंबई मंडल ने यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक सहायता अभियान चलाया। 6 जुलाई को 23 ट्रेनों का मार्ग बदला गया, 29 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया, 15 ट्रेनों का पुनर्निर्धारण किया गया, 49 ट्रेनें रद्द रहीं, जबकि 20 ट्रेनों के मूल स्टेशन में बदलाव किया गया।

यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, बोरीवली, वापी, सूरत और वलसाड समेत कई स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों की देरी, रद्दीकरण और परिचालन संबंधी जानकारी लगातार सार्वजनिक घोषणाओं व रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

गंतव्य स्थान तक पहुंचाए गए 1,020 यात्री

मुंबई रेलवे ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से 15 स्थानों पर भोजन और पेयजल वितरित किया। 27 ट्रेनों के करीब 19 हजार यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया गया, वहीं, शॉर्ट टर्मिनेटेड ट्रेनों के यात्रियों के लिए 17 बसों का इंतजाम कर 1,020 यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।

इतना ही नहीं यात्रियों की मदद के लिए जगह-जगह हेल्प डेस्क की सुविधा भी की गई थी। एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लगातार अपडेट जारी किए गए। रेलवे नियमों के तहत अतिरिक्त काउंटर के माध्यम से 7,135 यात्रियों को कुल 52।65 लाख रुपए का रिफंड दिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com