राज ठाकरे ने भरा पहला सदस्यता फॉर्म (सोर्स: सोशल मीडिया)
Raj Thackeray Launches MNS Membership Drive: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने सोमवार को अपनी पार्टी के 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक बड़े सदस्यता अभियान का शंखनाद किया है। इस महत्वपूर्ण पड़ाव को चिह्नित करने के लिए ठाकरे ने ऐतिहासिक रायगड़ किले को चुना, जहां उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के आशीर्वाद के साथ इस अभियान की आधिकारिक शुरुआत की।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की 20वीं सालगिरह के मौके पर राज ठाकरे ने रायगड़ में पहला फॉर्म भरकर मेंबरशिप रजिस्ट्रेशन कैंपेन की शुरुआत की। कल से पूरे महाराष्ट्र में हर जगह रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेनेच्या विसाव्या वर्धापनदिनाच्या निमित्ताने सुरु झालेल्या सदस्य नोंदणीत आज रायगडावर राज साहेबांनी पहिला फॉर्म भरत, सदस्य नोंदणी मोहिमेचा शुभारंभ केला. उद्यापासून महाराष्ट्रभर सर्वत्र नोंदणी सुरु होईल.#MNSAdhikrut pic.twitter.com/NWtR3o4RSP — MNS Adhikrut – मनसे अधिकृत (@mnsadhikrut) March 9, 2026
रायगढ़ किले की तलहटी में कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि अब समय केवल रैलियों का नहीं, बल्कि सीधे जनता से जुड़ने का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केवल सोशल मीडिया तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर संगठन को मजबूत करें।
ठाकरे ने कहा कि राज्य के कोने-कोने से लोग हमारी पार्टी के साथ जुड़ना चाहते हैं। वे केवल नाम के सदस्य नहीं, बल्कि सक्रिय कार्यकर्ता बनकर काम करने के इच्छुक हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन तक पहुंचें।
आज महाराष्ट्र नवनिर्माण सेनेचा २० वा वर्धापनदिन. या निमित्त आज माझ्या सहकाऱ्यांसमवेत रायगडावर जाऊन छत्रपती शिवाजी महाराजांना अभिवादन केलं. त्यानंतर तिथे मोठ्या संख्येने जमलेल्या माझ्या सहकाऱ्यांशी संवाद साधला आणि पक्षाच्या सदस्य नोंदणी मोहिमेची आज मी स्वतः फॉर्म भरून सुरुवात… pic.twitter.com/FI5QJHZ0ZD — Raj Thackeray (@RajThackeray) March 9, 2026
अपने संबोधन में राज ठाकरे ने कहा कि बहुत से लोग हमारी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन वे सिर्फ साधारण सदस्य बनकर नहीं रहना चाहते, बल्कि वे सक्रिय सदस्य बनना चाहते हैं। कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि वे लोगों से मिलें, उनकी समस्याओं को सुनें और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़कर एक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करें।
रणनीति साझा करते हुए मनसे प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, मंदिरों और व्यस्त बाजारों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर पंजीकरण स्टॉल लगाए जाएं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। ठाकरे का मानना है कि सीधा संवाद ही पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का सबसे कारगर तरीका है।
यह भी पढ़ें:- राज्यसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के मंत्री बावनकुले को मिली बड़ी जिम्मेदारी, ओडिशा में संभालेंगे BJP की कमान
राज ठाकरे ने राज्य भर के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 19 मार्च को मुंबई के शिवाजी पार्क में होने वाली पार्टी की वार्षिक ‘गुड़ी पड़वा रैली’ में भारी संख्या में शामिल होने की भावुक अपील की। इस तारीख का विशेष महत्व बताते हुए उन्होंने साझा किया कि यह एक अद्भुत संयोग है कि 20 साल पहले मनसे की पहली रैली भी 19 मार्च को ही आयोजित की गई थी। दो दशकों के बाद, पार्टी एक बार फिर उसी तारीख को अपनी गुड़ी पड़वा रैली का आयोजन कर रही है, जिसे ठाकरे ने पार्टी के सफर का एक महत्वपूर्ण चक्र बताया है।
रायगड़ से शुरू हुआ यह सदस्यता अभियान और शिवाजी पार्क में होने वाली आगामी रैली न केवल पार्टी की ताकत का प्रदर्शन होगी, बल्कि यह महाराष्ट्र की बदलती राजनीति में मनसे की भविष्य की दिशा भी तय करेगी। कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ, राज ठाकरे ने स्पष्ट कर दिया है कि वे आने वाले समय में एक मजबूत और सक्रिय संगठन के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं।