इनोवा कार पर गिरा कंटेनर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Innova Crushed By Container: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ट्रक ने कहर बरपाते हुए कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कंटेनर एक चलती हुई इनोवा कार पर पूरी तरह पलट गया, जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा पुणे से मुंबई की ओर जाने वाली लेन पर रायगड़ जिले के खोपोली एग्जिट के पास बुधवार सुबह करीब 9:40 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कंटेनर ट्रक काफी तेज गति में था। चालक के नियंत्रण खोने के बाद ट्रक ने सड़क पर चल रही पांच अन्य गाड़ियों को टक्कर मारी। इसके बाद कंटेनर बाईं ओर मुड़ते हुए सीधे एक इनोवा कार पर जा गिरा। ट्रक के भारी वजन के नीचे दबने से कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें मौजूद तीनों यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हाइवे पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) तानाजी चिखले ने बताया कि कंटेनर ने अपना संतुलन खो दिया था, जिसके बाद वह कई गाड़ियों से टकराया। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:- तीसरी मुंबई का रास्ता साफ! अटल सेतु के पास बसेगा नया शहर, जमीन मालिकों को मिलेगा 22.5% प्लॉट; जानें पूरी नीति
बचाव कार्य में बोरघाट हाईवे ट्रैफिक पुलिस, खोपोली पुलिस स्टेशन, आईआरबी पेट्रोलिंग टीम, देवदूत सिस्टम, डेल्टा फोर्स और हेल्प फाउंडेशन की टीमों ने हिस्सा लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए बड़ी क्रेनों का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को फिर से सुचारू किया जा सका।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही अक्सर जानलेवा साबित हो रही है। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है कि क्या यह हादसा तकनीकी खराबी (ब्रेक फेल) के कारण हुआ या फिर चालक की लापरवाही की वजह से। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।