कुछ लोग दंगाइयों को उकसा रहे...उज्जवल निकम ने विपक्ष पर बोला हमला, गिनाए सरकार के काम

Ujjwal Nikam News: उज्जवल निकम ने कहा- देश को महासत्ता बनाना है तो आत्मनिर्भर होना जरूरी, जीएसटी सुधार से जनता को राहत मिली, मोबाइल शॉप उद्घाटन में चर्चा।
Ujjwal Nikam
उज्जवल निकम
Published on: 
Updated on: 

Pune News: केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी के स्‍लैब में किए गए सुधार से आमजन मानस को राहत मिली है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जीएसटी के प्रति लोगों और कारोबारियों को जागरूक करने के लिए बाजारों में जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्यसभा के सांसद उज्जवल निकम ने कहा कि देश को विश्व में महासत्ता बनाना है तो आत्मनिर्भर होना जरूरी है।

उज्जवल निकम ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि देश को विश्व में महासत्ता बनाना है तो आत्मनिर्भर होने की जरूरत है, इसलिए स्वदेशी का नारा भी उतना ही जरूरी है। उज्जवल निकम गुरुवार को पुणे में एक मोबाइल शॉप के उद्घाटन के लिए मौजूद थे।

इस उद्घाटन समारोह के बाद निकम ने कहा कि दीपावली का त्यौहार नजदीक आ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी की दरों में, यानी स्‍लैब में, सुधार करने से टैक्‍स में कटौती से जनता को क्‍या फायदा या नुकसान हुआ, यही देखने मैं मोबाइल शॉप पर आया। इस दौरान मोबाइल शॉप के संचालक ने बताया कि हैंडसेट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। यहां पर उपस्थित लोगों का कहना है कि जीएसटी कटौती से पीएम ने जनता को दीपावली की भेंट दी है।

महाराष्ट्र के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है जिसे लेकर सवाल पूछे जाने पर सांसद निकम ने बताया कि राज्य सरकार अपनी कोशिश कर रही है। बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा है और मुझे लगता है कि हमारे राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पूरी टीम वहां मौजूद हैं। उन्होंने एक इमरजेंसी कक्ष भी खोला है। मुझे लगता है कि आपातकालीन स्थिति में थोड़े समय के बाद जल्द से जल्द सुधार होगा।

लद्दाख में हो रही हिंसक घटनाओं के बारे में बताते हुए भी उन्होंने कहा कि हमारे देश में लॉ एंड ऑर्डर की समस्या बनी रहे, ऐसा कुछ लोग सोचकर दंगाइयों को उकसा रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे प्रधानमंत्री, गृहमंत्री ने लद्दाख के उन सभी युवाओं के साथ बात कर ली है, अब वहां जल्द से जल्द शांति बहाल होगी। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com