

पुणे निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दौरान स्पाई कैमरे वाले पेन का इस्तेमाल करने का आरोप।
सुप्रिया सुले ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप।
चुनाव आयोग और राज्य सरकार से की कार्रवाई की मांग।
Supriya Sule On Spy Camera Pen Allegations: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर हो रहे द्विवार्षिक चुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुले का दावा है कि पुणे शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दौरान स्पाई कैमरे वाले पेन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं को अपनी जेब में जासूसी कैमरे वाला पेन लगाने के लिए कहा जा रहा है।
सुप्रिया सुले ने लिखा कि पुणे शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों के दौरान, बीजेपी पर पैसे बांटने के लिए छिपे हुए कैमरों (स्पाई कैम) वाले पेन का इस्तेमाल करने की शिकायत सामने आई है। मतदाताओं के अनुसार, इसका तरीका यह है कि मतदाता की जेब में ऐसा पेन रख दिया जाता है, जो बीजेपी उम्मीदवार को वोट देने की प्रक्रिया को रिकॉर्ड कर लेता है। वोट डालने के बाद, जब मतदाता वह रिकॉर्डिंग दिखाता है, तो उसे तय की गई रकम दे दी जाती है।
सुप्रिया सुले ने लिखा कि ये आरोप बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। चुनाव आयोग और सरकार को इस हरकत पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए, क्योंकि यह मतदान की गोपनीयता और मतदाताओं की स्वतंत्रता को खत्म करती है। इसकी गहन जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सुप्रिया सुले ने चुनाव आयोग और राज्य सरकार से इन शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों को कमजोर करने वाली ऐसी किसी भी गतिविधि को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।" उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव पूरी तरह से भयमुक्त, पारदर्शी और दबाव रहित माहौल में संपन्न होने चाहिए।
दूसरी ओर, जब पत्रकारों ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सुप्रिया सुले द्वारा लगाए गए इन आरोपों के बारे में पूछा, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। फडणवीस ने कहा, "मुझे यह भी नहीं पता कि जासूसी कैमरे वाला पेन क्या होता है। मैं इस उपकरण को देखने और पूरी जानकारी मिलने के बाद ही इस विषय पर कुछ टिप्पणी कर सकूंगा।" बता दें कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने शुक्रवार सुबह नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपना मतदान किया था।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 78 सदस्यीय विधान परिषद की पांच सीटों (तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) के लिए वोट डाले गए हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी और पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।