

महाराष्ट्र MLC चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में डाला वोट।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नागपुर में किया मतदान।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुणे में किया मताधिकार का प्रयोग।
Nitin Gadkari Murlidhar Mohol Voting: महाराष्ट्र में हो रहे विधान परिषद (MLC) चुनावों को लेकर मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ। राज्य में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा और उत्साह के बीच जारी है। नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि आज मैंने अपने परिवार के साथ मिलकर, विधान परिषद के नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अपना वोट डाला। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और अपना वोट डालें।
नागपुर में मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा और जनसंघ को हमेशा जीत मिलती रही है। इस बार भी हमारे सभी उम्मीदवार विजयी होंगे। उन्होंने आगे विश्वास जताते हुए कहा कि हमारी जीत पूरी तरह निश्चित है और हम पहले राउंड की गिनती में ही बड़ी जीत हासिल कर लेंगे।
इधर, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुणे में मतदान किया। उन्होंने कहा कि आज हमने अपना बहुमूल्य वोट डालकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। पूरे महाराष्ट्र में पांच महत्वपूर्ण जगहों पर चुनाव हो रहे हैं। हमारा गठबंधन आखिरी मतदाता तक पहुंचने में पूरी तरह कामयाब रहा है।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जनता का समर्थन हमेशा से उनके साथ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों को देखकर जनता महायुति के पक्ष में मतदान कर रही है और हम सभी पांचों सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेंगे।
राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कोल्हापुर में अनूठे अंदाज में गुलाब का फूल देकर मतदाताओं का स्वागत किया और चुनावों में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि तीन हफ्तों तक चले व्यापक प्रचार के बाद आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा और महायुति के उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत मिलेगी। आज शाम 5 बजे तक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
दूसरी ओर, अमरावती निर्वाचन क्षेत्र से महायुति और शिवसेना समर्थित उम्मीदवार किरण सरनाईक ने वाशिम निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करने के बाद कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी है। लोग काफी उत्साह के साथ वोट डाल रहे हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि 27 अक्टूबर को जब मतपत्र खोले जाएंगे, तो शिक्षकों के प्रतिनिधि के रूप में उनकी जीत तय है।
वहीं, महा विकास अघाड़ी (MVA) की ओर से पुणे ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहीं उम्मीदवार हर्षदा देशमुख ने भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने चुनाव के लिए बहुत अच्छी तैयारी की है और मतदान के दिन सभी मतदाता उनके साथ मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं।