नसरापुर कांड: पीड़ित परिवार मिलने पहुंचीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, घटनास्थल से ही CM फडणवीस को मिलाया फोन

Pune Nasrapur Case: पुणे के नसरापुर में 65 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की बच्ची की हत्या की। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने परिवार से मुलाकात कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई का भरोसा दिया।
Sunetra Pawar Meet Nasrapur Case Victims Family
पुणे के नसरापुर केस के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sunetra Pawar Meet Nasrapur Case Victims Family: पुणे के नसरापुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे स्थित पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक व्यक्त किया। इस दौरे के दौरान, मासूम के परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने सुनेत्रा पवार से अपील करते हुए मांग की कि आरोपी पर जल्द से जल्द मुकदमा चलाकर उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

सुनेत्रा पवार ने सीएम फडणवीस को किया फोन

इसके बाद, सुनेत्रा पवार ने वहां मौजूद भीड़ के सामने ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फोन किया और उन्हें लोगों की भावनाओं से अवगत कराया। जवाब में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि इस मामले की सुनवाई एक विशेष अदालत के माध्यम से फास्ट-ट्रैक कोर्ट पर की जाएगी, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द और सबसे कड़ी सजा मिल सके।

क्या है मामला?

पुणे के नसरापुर में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने 4 साल की एक बच्ची के दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया। अदालत ने इस दरिंदे आरोपी को 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इधर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में हुई शर्मसार कर देने वाली घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, फडणवीस ने कहा कि यौन उत्पीड़न के इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाएगी।

नसरापुर में आखिर हुआ क्या था?

1 मई को पुणे के नसरापुर में एक चौंकाने वाली घटना घटी। 65 साल के एक बुज़ुर्ग व्यक्ति ने घर के सामने खेल रही एक छोटी बच्ची को बहला-फुसलाकर एक मवेशियों के बाड़े में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने एक पत्थर से कुचलकर बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसके शव को गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया। जब दोपहर में बच्ची लापता हो गई, तो उसकी तलाश शुरू की गई, जिसके दौरान उसका बेजान शव पशुशाला के अंदर मिला।

इलाके के CCTV फुटेज खंगालने पर पाया गया कि आरोपी कैमरे में बच्ची को पशुशाला की ओर ले जा रहा है। इसी सबूत के आधार पर इस अपराध का खुलासा हुआ। जब दोपहर 3:30 बजे का CCTV फुटेज सामने आया, तो पूरा परिवार टूट गया। इस घटना के बाद, गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और अपना गुस्सा जाहिर किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com