अजित पवार की विरासत संभालेंगी सुनेत्रा पवार, बारामती उप चुनाव के लिए एनसीपी की उम्मीदवार घोषित

Sunetra Pawar Baramati By-election Candidate: बारामती उपचुनाव के लिए सुनेत्रा पवार एनसीपी की उम्मीदवार घोषित। पार्थ पवार राज्यसभा जाएंगे। अजित पवार के निधन के बाद कोर कमेटी का बड़ा फैसला।
Sunetra Pawar Baramati By-election Candidate
Sunetra Pawar Baramati By-election Candidate (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Baramati By-election: महाराष्ट्र की राजनीति में 'पवार बनाम पवार' के संघर्ष के बीच एक बड़ा अध्याय जुड़ गया है। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन से खाली हुई बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने उनकी पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। मंगलवार को मुंबई में प्रफुल्ल पटेल के आवास पर हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

इस फैसले के साथ ही पार्टी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अजित पवार की राजनीतिक विरासत को अब सुनेत्रा पवार ही आगे बढ़ाएंगी। बैठक में न केवल उपचुनाव बल्कि राज्यसभा चुनाव और पार्टी के भविष्य के नेतृत्व को लेकर भी कई बड़े फैसले लिए गए, जिससे आगामी दिनों में सूबे की सियासत गरमाना तय है।

बारामती उपचुनाव और मतदाता सूची का कार्यक्रम

अजित पवार के निधन के बाद बारामती सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट तेज है। चुनाव आयोग ने इस सीट के लिए मतदाता सूची में संशोधन के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। नियम के अनुसार, 1 जनवरी 2026 तक पंजीकृत मतदाता ही इस उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। कोर कमेटी की बैठक में तय हुआ कि पार्टी 10 मार्च को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के तुरंत बाद चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक देगी। एनसीपी की कोशिश है कि दादा के सम्मान में यह चुनाव 'निर्विरोध' संपन्न हो, हालांकि विपक्षी दलों के रुख पर सबकी नजर टिकी है।

Sunetra Pawar Welcomes President
राष्ट्रपति का स्वागत करते सुनेत्रा पवार (फोटो क्रेडिट-X)

पार्थ पवार जाएंगे राज्यसभा, दिल्ली में संभालेंगे मोर्चा

कोर कमेटी की बैठक का दूसरा सबसे बड़ा फैसला अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार को लेकर रहा। पार्टी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि पार्थ पवार को राज्यसभा भेजा जाएगा। महाराष्ट्र की रिक्त हो रही राज्यसभा सीटों के लिए पार्थ पवार एनसीपी के आधिकारिक उम्मीदवार होंगे। पार्टी नेताओं का मानना है कि पार्थ को दिल्ली भेजकर केंद्र में पार्टी की आवाज बुलंद की जा सकती है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि अजित पवार का परिवार राज्य और केंद्र, दोनों स्तरों पर अपनी सक्रियता बनाए रखेगा।

Sunetra Pawar at Hinduja Hospital
मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में सुनेत्रा पवार (फोटो क्रेडिट-X)

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और नए अध्यक्ष का चुनाव

प्रफुल्ल पटेल के आवास पर हुई इस बैठक में आगामी 26 फरवरी 2026 को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दिन पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के नेतृत्व को लेकर जो संशय था, उसे दूर करने के लिए यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आगामी संगठनात्मक बदलावों पर विस्तार से चर्चा की और पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com