देश की 'नंबर 1' विधायक बनीं सुनेत्रा पवार, बारामती में सहानुभूति की लहर, सभी विरोधी उम्मीदवारों की जमानत जब्त

Sunetra Pawar Record Victory: बारामती उपचुनाव में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 2.18 लाख से अधिक वोटों के साथ उन्होंने देश में सबसे बड़ी जीत का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है।
Sunetra Pawar Resigns From Rajya Sabha
सुनेत्रा पवार (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Baramati By Election Results: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बारामती के उपचुनाव में देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वे देश में सबसे ज्यादा वोटों से जीतने वाली विधायक बन गई हैं। उन्होंने अपने पति दिवंगत अजित पवार के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। सुनेत्रा पवार ने बारामती उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। उन्होंने पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए पूरे 2,18,930 वोटों से जीत दर्ज की है। यह रिकॉर्ड पहले बारामती में ही पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के नाम था।

बारामती में उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई सीट पर कराए गए थे। महायुति की ओर से उपचुनाव को निर्विरोध कराने की कोशिशें हुई। बड़ी पार्टियों ने अजित पवार के सम्मान में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे लेकिन 22 निर्दलीय उम्मीदवारों के नाम वापस न लेने पर मतदान कराए गए। हालांकि मतदाताओं की सहानुभूति सुनेत्रा पवार को मिली और वे रिकॉर्ड वोटों से विजयी हुई।

सुनेत्रा पवार की मिली ऐतिहासिक जीत

इस उपचुनाव में सुनेत्रा पवार के खिलाफ खड़ा कोई भी प्रत्याशी एक हजार वोट के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सका। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक करुणा मुंडे को केवल 301 वोट मिले, जबकि अभिजीत बिचुकले को 333 वोटों पर संतोष करना पड़ा। इस सीट से 22 उम्मीदवारों और नोटा को मिलाकर सिर्फ 4,837 वोट मिले। वहीं सुनेत्रा पवार को अकेले 2,18,969 वोट मिले। उन्होंने 2,18,034 वोटों से जीत दर्ज की। यह साफ हो गया है कि यह जीत एकतरफा हुई है।

सुनेत्रा पवार के नाम सबसे ज्यादा वोटों से जीतने का रिकॉर्ड

सुनेत्रा पवार देश में सबसे ज्यादा वोटों से जीतने वाले विधायकों की सूची में सबसे टॉप पर आ गई हैं। उन्होंने 2 लाख 18 हजार 34 मतों से जीत के साथ उत्तर प्रदेश के सुनील कुमार शर्मा के 2,14,834 वोट और पंकज सिंह के 1,81,513 वाेट से जीत के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। इस जीत के बाद पूरे राज्य से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

सबसे ज्यादा वोटों से जीतने वाले विधायक

क्रमांक विधायक का नाम विधानसभा क्षेत्र राज्य जीत का अंतर (वोट) साल
1 सुनेत्रा अजित पवार बारामती (उपचुनाव) महाराष्ट्र 2,18,034 2026
2 सुनील कुमार शर्मा साहिबाबाद उत्तर प्रदेश 2,14,834 2022
3 पंकज सिंह नोएडा उत्तर प्रदेश 1,81,513 2022
4 अजित पवार बारामती महाराष्ट्र 1,65,265 2019
5 काशीराम पावरा शिरपुर महाराष्ट्र 1,45,444 2014

बारामती में सभी उम्मीदवारों के जमानत जब्त

बारामती उपचुनाव का सबसे बड़ा पहलू यह रहा कि सुनेत्रा पवार को छोड़कर कोई भी उम्मीदवार अपनी जमानत नहीं बचा सका। विधानसभा चुनाव में किसी उम्मीदवार को जमानत बचाने के लिए कुल वैध मतों का कम से कम 16.66 प्रतिशत (1/6) वोट हासिल करना जरूरी होता है। लेकिन बारामती उपचुनाव में विपक्षी उम्मीदवार इस न्यूनतम आंकड़े के आसपास भी नहीं पहुंच सके। दूसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार को केवल 935 वोट मिले। वहीं अभिजीत बिचुकले को 333 वोट, करुणा मुंडे को 301 वोट और चंद्रकांत वाघमोडे को 403 वोट ही मिले। चौंकाने वाली बात यह रही कि 22 उम्मीदवारों में से 11 उम्मीदवार ऐसे रहे, जिन्हें 100 से भी कम वोट मिले।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि अजित दादा के बाद यह पहला चुनाव था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे ऐसे चुनाव का सामना करना पड़ेगा लेकिन आज बारामती के लोगों ने दादा पर जो भरोसा दिखाया है, मैं कहूंगी कि दादा के किए गए विकास के कामों की निशानी के तौर पर बारामती के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। यह दादा की ओर से की गई लोगों की सेवा और प्यार है जो लोगों ने मुझे अपने वोटों से दिया है।

राहुरी में बीजेपी के अक्षय कर्डिले भारी वोटों से विजयी

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के राहुरी विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ था। यहां बीजेपी के उम्मीदवार अक्षय कर्डिले ने 1,12,587 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की है। वे अपने पिता दिवंगत शिवाजीराव कर्डिले की सीट को बरकरार रखने में सफल हुए है। अक्षय ने मतगणना के शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखी। उन्हें 1,40,093 वोट मिले, जबकि उनके सबसे नजदीकी प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे को सिर्फ 27,506 वोट मिले। इस सीट से 7 उम्मीदवार मैदान में थे। अक्षय के पिता व पूर्व बीजेपी विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव कराए गए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com