गणेश पंडालों से स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान, श्री गणेश आरोग्याचा के तहत पुणे में जांच, ईसीजी और दवाएं मुफ्त

Pune Health Camp: गणेशोत्सव के दौरान पुणे जिले में 14 से 25 सितंबर तक श्री गणेश आरोग्याचा अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाओं के वितरण के लिए मेडिकल कैंप शुरू किए गए हैं।
Free health check-up camp organized in Pune district
पुणे जिले में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shree Ganesha Aarogyacha: पुणे जिले में गणेशोत्सव पर्व के दौरान नागरिकों को उनके घर के पास मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'श्री गणेश आरोग्याचा' अभियान की शुरुआत की गई है। 14 सितंबर से 25 सितंबर तक चलने वाले इस 12 दिवसीय विशेष अभियान का उद्देश्य गणेश मंडलों में उमड़ने वाली भीड़ के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और रोकथाम योग्य बीमारियों के प्रति जागरूक करना है।

मुख्यमंत्री राहत कोष और सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना पर आधारित यह अभियान पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है। पुणे में जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने सभी संबंधित विभागों को जिले भर में शिविर आयोजित करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस पहल का समन्वय 'मुख्यमंत्री राहत कोष सेल', 'चैरिटेबल अस्पताल सहायता सेल' और सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। शिविरों में आने वाले नागरिकों को सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड टेस्ट, ईसीजी (ECG), विभिन्न नैदानिक परीक्षण और मुफ्त दवाएं प्रदान की जा रही हैं।

10 हजार गणेश मंडल और सरकारी एजेंसियां आईं साथ

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री राहत कोष सेल के प्रमुख रामेश्वर नाइक के अनुसार, इस वर्ष राज्य भर में 20 लाख से अधिक नागरिकों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रहे इस अभियान से जिले के लगभग 10,000 सार्वजनिक गणेश मंडल, सरकारी और अर्ध-सरकारी एजेंसियां, स्थानीय निकाय, धर्मार्थ संगठन और मेडिकल कॉलेज जुड़े हैं।

Free health check-up camp organized in Pune district
गणपति बप्पा मोरया, पुणे के पांच प्रतिष्ठित मानाचे गणपतियों का ढोल-ताशों की गूंज से हुआ स्वागत

पर्याप्त डॉक्टर और दवाओं की उपलब्धता के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक स्वास्थ्य शिविर में पर्याप्त संख्या में चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, जांच उपकरण और जरूरी दवाएं उपलब्ध रहनी चाहिए ताकि किसी भी नागरिक को इलाज में असुविधा न हो। महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पताल और निजी संस्थान भी इस जनहित अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग दे रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com