'राहुल गांधी झूठ के नवाब', शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस के 'खटाखट मॉडल' को बताया करप्शन की दुकान

Shehzad Poonawalla Statement: भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के आर्थिक मॉडल को विफल बताते हुए भ्रष्टाचार और टैक्स बढ़ोतरी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
Shehzad Poonawalla: 'राहुल गांधी झूठ के नवाब', शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस के 'खटाखट मॉडल' को बताया करप्शन की दुकान
शहजाद पूनावाला (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shehzad Poonawalla Attacks Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में "खटाखट मॉडल" के कारण न केवल आर्थिक स्थिति चरमरा गई है, बल्कि आम जनता पर टैक्स का बोझ असहनीय हो गया है।

"वादे मुफ्त के, हकीकत टैक्स की"

राहुल गांधी के चुनावी वादों पर तंज कसते हुए पूनावाला ने कहा कि सत्ता पाने के लिए कांग्रेस मुफ्त बिजली और महिलाओं को ₹1,500 देने जैसे लुभावने वादे करती है। लेकिन सत्ता में आते ही हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में आर्थिक संकट खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि आज हिमाचल कर्ज के बोझ तले दबा है और सरकार राजस्व जुटाने के लिए पेट्रोल, डीजल, बिजली, शौचालय और यहां तक कि मेलों तक पर टैक्स लगा रही है।

'I.N.C.' का नया मतलब आई नीड करप्शन

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए शहजाद पूनावाला ने एक नया नारा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपना नाम बदलकर 'आई नीड करप्शन एंड कमीशन' रख लेना चाहिए। उन्होंने कर्नाटक का हवाला देते हुए ₹37,000 करोड़ के कथित घोटाले का जिक्र किया। पूनावाला के अनुसार, ठेकेदारों ने आरोप लगाया है कि उनके बकाया भुगतान इसलिए रोके जा रहे हैं क्योंकि मंत्री भारी कमीशन और रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कर्नाटक के एक मंत्री के कथित बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें भ्रष्टाचार को 'जन्मसिद्ध अधिकार' बताया गया था। पूनावाला ने इसे सुशासन और लोकतंत्र के सिद्धांतों का अपमान करार दिया।

गौरव गोगोई पर के पाकिस्तानी लिंक पर मांगा जवाब

BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने असम में हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार के खिलाफ प्रियंका गांधी वाड्रा की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूछा कि वह गौरव गोगोई के 'पाकिस्तान लिंक' पर चार्जशीट और SIT का जवाब क्यों नहीं दे रही हैं।

शशि थरूर के बहाने राहुल पर निशाना

हाल ही में संपन्न हुए 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' का जिक्र करते हुए पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर खुद राहुल गांधी के झूठ की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं, तब थरूर जैसे नेता 'इंडिया फर्स्ट' अप्रोच की सराहना कर राहुल के दावों को खारिज कर देते हैं। अंत में पूनावाला ने तंज कसा कि भारत भले ही मोबाइल और ऑटोमोबाइल का हब बन गया हो, लेकिन कांग्रेस अब भी 'झूठ की फैक्ट्री' चला रही है और राहुल गांधी इसके 'नवाब' हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com