महाराष्ट्र में बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट, मुंबई और दक्षिण विदर्भ में 21 अगस्त तक भारी बारिश

Maharashtra weather Update: भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी और बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है। पुणे के लिए 17 अगस्त को रेड अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र में बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट
महाराष्ट्र में बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

weather Update: भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी और बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य में गुरुवार, 21 अगस्त तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है और कई जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। पुणे के लिए 17 अगस्त को रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने 19 अगस्त तक सतारा, सांगली और कोल्हापुर घाट में भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार, मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और पालघर में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। बारिश की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

विदर्भ, नागपुर और आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ 24 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण विदर्भ में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, मौसम विभाग मराठवाड़ा, औरंगाबाद, जालना, परभणी जिलों में तेज़ हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जता रहा है। महाराष्ट्र में अगस्त महीने में औसतन 307.5 मिमी बारिश होने का अनुमान है, और 17 अगस्त को विभिन्न जिलों में 7.9 मिमी से 19.1 मिमी बारिश होने का अनुमान है। नदियों और बांधों में जलभराव बढ़ने से रायगढ़ और रत्नागिरी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है।

पुणे में बारिश का पूर्वानुमान क्या रहेगा?

17 अगस्त को पुणे में रेड अलर्ट जारी किया गया है। शहर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं घाट इलाकों में भारी बारिश के संकेत हैं। जिससे बाढ़ आ सकती है। पुणे, सतारा, सांगली और कोल्हापुर में 19 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है। पुणे घाट क्षेत्र में रविवार और सोमवार के लिए रेड अलर्ट है। कोल्हापुर घाट क्षेत्र में रविवार को ऑरेंज अलर्ट और सोमवार को रेड अलर्ट दिया गया है। सतारा घाट क्षेत्र में भी रविवार को ऑरेंज अलर्ट और सोमवार को रेड अलर्ट दिया गया है। नासिक घाट क्षेत्र में रविवार और सोमवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है और फिर मंगलवार और बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य मुंबई में भी भारी बारिश

मुंबई में शुक्रवार रात से ही पश्चिमी उपनगरों में बारिश की तीव्रता बढ़ गई थी। इसके बाद सुबह मध्य मुंबई में भी भारी बारिश हुई। दोपहर के आसपास बारिश कुछ कम हुई, लेकिन शाम को फिर से बारिश शुरू हो गई। पूरे कोंकण क्षेत्र के लिए आज और रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रत्नागिरी में कल और सोमवार के लिए रेड अलर्ट है और कोंकण क्षेत्र के बाकी हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। इस दौरान कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

मछुआरों के लिए सलाह

कोंकण तट पर 16 से 20 अगस्त तक समुद्र की स्थिति खराब रहेगी और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, इसलिए मछुआरों को इस दौरान समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

आपातकालीन संपर्क

मंत्रालय स्तर पर राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे खुला रहता है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने यह भी बताया है कि मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष को फ़ोन नंबर 022-22027990 या 022-22794229 या 022-22023039 और मोबाइल नंबर - 9321587143 उपलब्ध कराए गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com