Pune News: पुणे में HOD ने की आत्महत्या पुणे, नवभारत न्यूज नेटवर्क. शहर के शैक्षणिक क्षेत्र को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. सिंहगड़ डेंटल कॉलेज के विभागाध्यक्ष राजू पाटिल ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली. इस घटना से कॉलेज परिसर और शैक्षणिक जगत में खलबली मच गई है. पुलिस को घटनास्थल से आत्महत्या से पहले लिखी गई एक सुसाइड नोट भी मिली है.
राजू पाटिल सिंहगड डेंटल कॉलेज में विभागाध्यक्ष एचओडी के पद पर कार्यरत थे. उनके अचानक निधन से परिवार, सहकर्मी प्रोफेसर और विद्यार्थियों में शोक का माहौल है. यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सामने आई. उस समय पाटिल की पत्नी घर लौटीं तो उन्हें इस घटना का पता चला. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से मिली सुसाइड नोट में काम के तनाव के कारण आत्महत्या का फैसला लेने का उल्लेख होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि आत्महत्या के पीछे यही कारण है या कोई अन्य वजह भी है, इसकी जांच पुलिस कर रही है.