

E Shivai Bus Service Fare Timings: शिक्षा का मायका कही जाने वाली पुणे सिटी से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) तक पहुंचना अब अधिक सुविधाजनक और किफायती होगा।
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने स्वारगेट से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक सीधी पर्यावरण-अनुकूल ई-शिवाई बस सेवा शुरू की है।
फिलहाल इस मार्ग पर प्रतिदिन दो बसें चलाई जा रही हैं। करीब 120 किलोमीटर की यात्रा के लिए वयस्कों का अधिकतम किराया 445 रुपये और बच्चों का किराया 230 रुपये निर्धारित किया गया है। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की पहल पर यह सेवा बुधवार से शुरू हो गई है। इस ई बस सेवा को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद भी मिल रहा है।
पहली बस सुबह 6.15 बजे पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड से रवाना होकर सुबह लगभग 9.30 बजे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेगी। दूसरी बस दोपहर 2.25 बजे स्वारगेट से रवाना होगी और शाम करीब 6 बजे एयरपोर्ट पहुंचने का अनुमान है। इससे विमान यात्रियों को निजी टैक्सी या अन्य महंगे परिवहन विकल्पों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हो सकती है।
इस एसी बस सेवा का लाभ केवल स्वारगेट और आसपास के यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। निर्धारित मार्ग पर वनाज, चांदनी चौक, बालेवाड़ी, हिंजेवाड़ी फाटा और वाकड स्थित इंदिरा कॉलेज सहित कई प्रमुख स्टॉप शामिल हैं।
इससे पुणे के अलग-अलग इलाकों से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने का सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। पात्र यात्रियों को राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड (NCMC) के माध्यम से लागू रियायतों का लाभ भी मिल सकता है।
नई सेवा शुरू होने के बावजूद यात्रियों का मानना है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या और यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के साथ प्रतिदिन दो बसें पर्याप्त नहीं होंगी। यात्रियों ने बसों की फेरी बढ़ाने और उड़ानों के समय के अनुसार अधिक विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है।
विशेष रूप से वाकड, हिंजेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए एक्सप्रेसवे तथा मिसिंग लिंक के जरिए सीधी सड़क कनेक्टिविटी उपयोगी साबित हो सकती है।
पुणे मंडल के MSRTC संभागीय नियंत्रक अरुण सिया के अनुसार, निगम इस मार्ग पर यात्रियों की मांग का आकलन करेगा और उसके आधार पर बसों की संख्या बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि MSRTC ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), दादर और बोरीवली से जोड़ने वाली सीधी बस सेवाएं भी शुरू की हैं।