पुणे पोर्श कार दुर्घटना: कोर्ट ने 14 जून तक बढ़ाई नाबालिग के माता-पिता की पुलिस हिरासत
कोर्ट ने नाबालिग आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल और मां शिवानी अग्रवाल और एक अन्य आरोपी की पुलिस हिरासत 14 जून तक बढ़ा दी है। इन्हें आरोपी के ब्लड सैंपल बदलने में उनकी संदिग्ध भूमिका के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
- Written By: किर्तेश ढोबले
पुणेः पुणे के पोर्श कार दुर्घटना में कथित रुप से शामिल 17 वर्षीय लड़के और उसके माता-पिता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोर्ट ने अग्रवाल दंपति और एक अन्य आरोपी की पुलिस हिरासत 14 जून तक बढ़ा दी है। इन पर सबुतों को नष्ट करने का आरोप है।
जानकारी के लिए बता दें कि रियल एस्टेट कारोबारी विशाल अग्रवाल और मां शिवानी अग्रवाल को नाबालिग आरोपी के ब्लड सैंपल बदलने में उनकी संदिग्ध भूमिका के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उनके अलावा अश्पक मकंदर नामक व्यक्ति की भी गिरफ्तारी हुई थी। बताया यह भी जा रहा है कि मकंदर ने आरोपी के माता-पिता और सरकारी ससून अस्पताल के डॉक्टरों के बीच कथित तौर पर बिचौलिए की भूमिका निभाई थी।
क्या है मामला
कल्याणी नगर में 19 मई को हुई दुर्घटना के समय किशोर कथित रूप से नशे में था। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दो आईटी पेशेवरों की जान चली गई थी। शिवानी अग्रवाल को एक जून को गिरफ्तार किया गया था, जब यह खुलासा हुआ कि लड़के के ब्लड सैंपल शिवानी के ब्लड सैंपल से बदले गए थे। विशाल अग्रवाल को सबूत नष्ट करने में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अग्रवाल दंपति के अलावा अश्पक मकंदर को भी सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। आपको यह भी पता हो कि ससून अस्पताल में ब्लड सैंपल जमा किए गए थे।
सम्बंधित ख़बरें
जेल से छूटते ही नोटों की माला पहन नाचते दिखे पुणे पोर्शे कांड के आरोपी, जश्न का Video देख भड़के लोग
पुणे पोर्शे केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला! नाबालिग आरोपी के पिता को विशाल अग्रवाल को दी जमानत
पुणे पोर्श केस में नया मोड़, सुप्रीम कोर्ट ने विशाल अग्रवाल की जमानत याचिका पर महाराष्ट्र सरकार से मांगा जवाब
पुणे पोर्श केस: सामने आया आरोपी डॉक्टर का एक और नया कांड, रूबी हॉल क्लीनिक में चला रहा था गोरखधंधा
पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग
अभियोजन पक्ष ने तीनों की पुलिस हिरासत बढ़ाने का अनुरोध करते हुए तर्क दिया कि वे यह पता लगाना चाहते हैं कि किशोर के ब्लड सैंपल का निपटान कहां किया गया था। उन्होंने अदालत को बताया गया कि मकंदर को नाबालिग के पिता के चालक ने चार लाख रुपए दिए थे। इसमें से तीन लाख रुपए किशोर के ब्लड सैंपल बदलने के लिए (ससून के डॉक्टरों को) दिए गए थे। जांच अधिकारी ने कहा कि डॉ. श्रीहरि हल्नोर और ससून अस्पताल के कर्मचारी अतुल घाटकांबले से तीन लाख रुपये बरामद किए गए हैं और हमें शेष एक लाख रुपये की बरामदगी करनी है।
