पुणे में आवारा कुत्तों के लिए ‘मिशन अन्नदा’, नियमित भोजन के लिए 1 करोड़ का बजट

Pune Municipal Corporation आवारा कुत्तों के लिए ‘मिशन अन्नदा’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत शहर में फीडिंग प्वाइंट बनाकर नियमित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
Stray Dogs
पुणे मिशन अन्नदा आवारा कुत्तों को खाना खिलाने का प्लान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PMC Stray Dog Welfare Initiative: पुणे शहर में सड़कों पर भोजन की तलाश में भटकने वाले आवारा कुत्तों के लिए पुणे महानगर पालिका (पीएमसी) एक नई पहल शुरू करने जा रही है।

बेंगलुरु मॉडल की तर्ज पर शहर में ‘मिशन अन्नदा’ अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत आवारा कुत्तों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

नगर निगम के बजट में इस योजना के लिए 1 करोड़ रुपये की विशेष निधि आवंटित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्थित योजना लागू करने वाली पुणे राज्य की पहली महानगर पालिका होगी।

शहर में ढाई लाख आवारा कुत्ते

पुणे मनपा की हालिया गणना के अनुसार शहर में लगभग ढाई लाख आवारा कुत्ते मौजूद हैं। अधिकारियों का मानना है कि भोजन की कमी के कारण कुत्तों में आक्रामकता बढ़ जाती है, जिससे राहगीरों को काटने की घटनाएं भी बढ़ती हैं। इसके अलावा, नसबंदी के दौरान कई कुत्तों का वजन 10 किलो से कम पाया गया है, जिससे उन्हें एनेस्थीसिया देना जोखिम भरा हो जाता है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना जरूरी माना जा रहा है।

फीडिंग प्वाइंट्स पर तय होगा भोजन का समय

पशु चिकित्सकीय अधिकारी डॉ. सारिका फुंडे-भोसले के अनुसार शहर में तय स्थानों पर फीडिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे, जहां नियमित समय पर कुत्तों को भोजन दिया जाएगा। इन स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि फीडिंग प्वाइंट्स पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि नागरिकों को इस पहल की जानकारी मिल सके और वे भी जागरूक रहें।

सफल परीक्षण के बाद बढ़ेंगे फीडिंग प्वाइंट

अधिकारियों के मुताबिक पहले इस योजना को कुछ क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों में भी अधिक फीडिंग प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।नगर निगम का मानना है कि इस पहल से आवारा कुत्तों के स्वास्थ्य में सुधार होगा और शहर में कुत्तों के हमलों की घटनाओं को भी कम करने में मदद मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com