

Pune PMC Demolition Drive: पुणे में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए पुणे महानगरपालिका (PMC) ने वाघोली और लोहेगांव क्षेत्रों में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत चार से पांच मंजिला अनधिकृत इमारतों पर बुलडोजर चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, जिन इमारतों को गिराया गया वे बिना वैध अनुमति के बनाई गई थीं या निर्माण नियमों का उल्लंघन कर खड़ी की गई थीं। महानगरपालिका ने संबंधित संपत्ति मालिकों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया था। तय समयसीमा में कार्रवाई न होने पर निगम ने खुद ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया।
PMC की टीम ने जेसीबी मशीनों और अन्य भारी उपकरणों की मदद से अवैध संरचनाओं को गिराया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया था। बड़ी संख्या में पुणे महानगरपालिका कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
बताया गया कि कई स्थानों पर चार से पांच मंजिल तक की इमारतें बिना मंजूरी के तैयार कर दी गई थीं। इनमें आरसीसी ढांचे के साथ-साथ टिन शेड वाले निर्माण भी शामिल थे।
महानगरपालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों के विरुद्ध निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भवन निर्माण से पहले सभी वैध अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।