

शादी में लाखों खर्च करने के बाद भी सोना मांगने का आरोप है
हर दिवाली पर मायके से पांच से दस तोला सोना लाने का दबाव था
आर्थिक परेशानी बताकर समय मांगने के बाद भी लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा
Pune Dowry Harassment Payal Zambre Patil Death: महाराष्ट्र के पुणे के मुकुंद नगर इलाके में 29 वर्षीय पायल झांबरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पायल का शव 2 नवंबर 2026 को उनके वैवाहिक घर के पास स्थित एक फ्लैट में फंदे से लटका मिला था।
मायके पक्ष ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पति अक्षय झांबरे को गिरफ्तार किया है, जबकि सास, ससुर और ननद के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पायल की शादी मार्च 2019 में अक्षय झांबरे से हुई थी। उनके परिजनों का दावा है कि शादी के समय 50 तोला सोना और 25 लाख रुपये नकद दिए गए थे। विवाह समारोह पर भी करीब 70 से 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल वालों की ओर से लगातार पैसों और सोने की मांग किए जाने का आरोप है।
परिजनों के अनुसार, हर दिवाली पर पायल से मायके से पांच से दस तोला सोना लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। इस साल परिवार ने आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए अगली फसल तक का समय मांगा था। आरोप है कि इसके बाद भी पायल को प्रताड़ित किया जाता रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गर्भावस्था के दौरान पायल झांबरे पर बेटा पैदा करने का दबाव बनाया गया था। 30 मार्च 2023 को बेटी के जन्म के बाद अस्पताल में विवाद हुआ और ससुराल पक्ष ने मां-बेटी की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। परिजनों का यह भी कहना है कि पायल को नौकरी छोड़ने और मायके की जमीन पति के नाम कराने के लिए दबाव दिया जाता था।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 1 नवंबर की रात करीब 9:18 बजे पायल ने अपने भाई ऋषिकेश पवार को संदेश भेजा था, जिसमें उन्होंने अपनी सास को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया था। अगले दिन उनका शव मिला। पुणे पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पायल की मौत के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका भी जताई है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या के लिए उकसाने और उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पति अक्षय झांबरे के अलावा सास मंगल, ससुर अरविंद और ननद अक्षता को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 85 सहित दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं लगाई हैं।
घटना के बाद आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने महर्षि नगर स्थित झांबरे पैलेस में तोड़फोड़ भी की। पुलिस अब पायल के आखिरी संदेश, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना बाकी है।