Pune में सड़क खुदाई पर बैन! मनपा ने ठेकेदार को दी सख्त चेतावनी, दिवाली तक रोक

Pune Municipal Corporation ने सड़क खुदाई को लेकर सख्त कदम उठाया है। पुणे महानगरपालिका प्रशासन ने उक्त ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। साथ ही पीएमसी ने इस ठेकेदार को कड़ी चेतावनी भी दी है।
Pune News
(फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Pune News In Hindi: पुणे महानगर पालिका (पीएमसी) ने शहर में चल रही सड़क खुदाई को लेकर सख्त कदम उठाया है। शहर के कुछ निर्धारित क्षेत्रों में ही सड़क खुदाई की अनुमति दी गई थी, लेकिन पुलिस विभाग द्वारा नियुक्त ठेकेदार ने मनमानी तरीके से अन्य इलाकों में भी सड़क खोदकर सीसीटीवी केबल बिछाने का काम शुरू कर दिया।

इस पर मनपा प्रशासन ने उक्त ठेकेदार को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी है। साथ ही दिवाली तक सभी सड़क खुदाई के कामों को तत्काल रोकने का आदेश भी दिया गया है। सीसीटीवी केबल बिछाने के काम में पुलिस विभाग के एक ठेकेदार की मनमानी सामने आई है।

पीएमसी पथ विभाग प्रमुख अनिरुद्ध पावसकर ने बताया कि ठेकेदार ने अनुमति की सीमाओं को खुले तौर पर तोड़ा है। ठेकेदार को सिर्फ मध्यवर्ती पेठ क्षेत्रों में खुदाई की इजाजत दी गई थी, लेकिन उसने कई अन्य हिस्सों में भी अवैध रूप से सड़क खोद डाली।

रिपोर्ट पुलिस आयुक्त को सौंपी

  • रोजाना तय मीटर के दायरे को पार करते हुए कई किलोमीटर तक सड़क खोदने से नागरिकों और पैदल चलने वालों को भारी असुविधा हुई है।
  • पीएमसी ने इसे नियमों का 'खुला उल्लंघन' मानते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी किया है और मामला पुलिस आयुक्त के संज्ञान में लाया गया है।
  • महानगर पालिका ने इस प्रकरण के साक्ष्य एकत्र कर ठेकेदार द्वारा की गई वास्तविक खोदाई और अधिकृत क्षेत्रों की तुलना रिपोर्ट तैयार की है। बता दें कि यह रिपोर्ट पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार की
  • अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पेश की गई।
  • बैठक में मनपा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ठेकेदार ने नियमों का उल्लंघन किया है। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को
  • चेतावनी देते हुए कहा कि आगे से ऐसी गलती दोहराई नहीं जानी चाहिए।
  • मनपा द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि ठेकेदार ने आगे भी अनुमति की शर्तों का उल्लंघन किया, तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। दिवाली के दौरान पेठ क्षेत्र में नागरिक बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए आते हैं।

सभी विभागों के बीच समन्वय जरूरी

मनपा और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक के बाद ठेकेदार को कड़े शब्दों में नोटिस जारी किया गया। भविष्य में इस प्रकल्प से संबंधित सभी कार्यों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीधी कार्रवाई और कार्य बंदी की जाएगी। पुणे में चल रहे कई विकास कार्यों जैसे पानी की पाइपलाइन, गैस लाइन, फाइबर केबल और सीसीटीवी परियोजना के कारण एक साथ कई जगह सड़कें खोदी जा रही हैं। मनपा अधिकारियों ने कहा कि सभी विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है ताकि जनता को कम से कम परेशानी हो।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com