Pune News: हिंजेवाडी में भारी वाहनों पर सख्ती! अब तय समय पर ही मिलेगी शहर में एंट्री

Pune के हिंजेवाडी और उसके आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते Road Accident के मद्देनजर PMRDA ने भारी गाड़ियों की शहर में अनियंत्रित आवाजाही पर कड़ा रुख अपनाया है।
Pune Traffic
पुणे ट्रैफिक (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Pimpri News In Hindi: हिंजेवाडी और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनजर पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) ने भारी वाहनों की शहर में अनियंत्रित आवाजाही पर कड़ा रुख अपनाया है।

सोमवार को आकुर्डी कार्यालय में अधिकारियों और बिल्डर्स की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब भारी वाहन केवल पुलिस द्वारा निर्धारित समय में ही शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

अधिकारियों की समीक्षा बैठक

बैठक में पीएमआरडीए के आयुक्त डॉ योगेश म्हसे, विकास परवाना एवं नियोजन विभाग के संचालक अविनाश पाटिल, पुलिस निरीक्षक महेश कुमार सरतापे और हिंजेवाडी-माण-महालुंगे क्षेत्र के बिल्डर्स प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंजेवाडी-माण क्षेत्र आईटी हब होने के कारण सुबह और शाम को ट्रैफिक का दबाव अत्यधिक रहता है। इस दौरान निर्माण स्थलों से निकलने वाले ट्रक, डंपर और सीमेंट मिक्सर मार्ग पर बाधा उत्पन्न करते हैं, जिससे हादसों की संभावना बढ़ती है। पिछले दिनों हुए एक दर्दनाक हादसे में कंक्रीट मिक्सर के नीचे दबने से एक महिला बाइक सवार की मौत हो गई थी। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पीएमआरडीए ने निर्णय लिया कि जिस निर्माण परियोजना से संबंधित वाहन था, वहां का काम तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाएगा।

पीएमआरडीए के आयुक्त डॉ योगेश म्हसे ने कहा है कि इस कदम से प्रशासन का लक्ष्य है सड़क हादसों की घटनाओं को कम किया जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

बिल्डरों को दिए गए निर्देश

  • पीएमआरडीए प्रशासन ने बिल्डरों को निर्देश दिए है कि उनके सभी वाहनों के पास वैध परवाना हो, चालक नशे में न हो और वाहनों की पूरी जानकारी खइट पर अद्यतन रखी जाए।
  • यदि कोई चालक शराब या नशे में पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और संबंधित परियोजना की अनुमति भी स्थगित की जा सकती है।
  • बिल्डर्स को अपने प्रकल्प स्थल पर सुरक्षा बोर्ड और चेतावनी संकेत लगाने होंगे और वाहनों की जांच रिपोर्ट समय-समय पर पीएमआरडीए को उपलब्ध करानी होगी।
Navbharat Live
navbharatlive.com