PMC का बड़ा फैसला: अब सभी 300 स्कूलों में लगेंगे CCTV कैमरे, छात्राओं की सुरक्षा होगी पुख्ता

Pune Municipal Corporation ने अपने अंतर्गत आने वाली लगभग 300 स्कूलों में CCTV Camera लगाने का फैसला लिया है।ये फैसला पूरे महाराष्ट्र के स्कूलों में यौन उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए उठाया गया है।
Pune Municipal Corporation
पुणे महानगरपालिका (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune News In Hindi: पुणे मनपा (PMC) ने अपने सभी 300 स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह कदम पूरे महाराष्ट्र के स्कूलों में छात्राओं पर यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर बढ़ती चिंता के बाद उठाया गया है, विशेष रूप से बदलापुर की घटना के बाद, जिसके चलते राज्य सरकार ने सभी स्कूलों में सीसीटीवी लगाने के आदेश जारी किए थे।

पीएमसी के अधिकार क्षेत्र में पुराने शहर और हाल ही में शामिल किए गए 32 गांवों के लगभग 300 स्कूल आते हैं। छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, मनपा के विद्युत विभाग और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से स्कूलों की इमारतों, कमरों, फशों, प्रवेश द्वारों और खुले क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया।

इस व्यापक सर्वेक्षण के बाद सीसीटीवी लगाने का काम शुरू किया गया। पहले चरण में 91 स्कूलों में 862 सीसीटीवी कैमरे सफलतापूर्वक लगाए जा चुके हैं। सीसीटीवी लगाने का काम अब दूसरे चरण में शुरू हो रहा है। दूसरे चरण में 90 स्कूलों में सीसीटीवी लगाने के लिए 4 करोड़ के अनुमानित बजट को मंजूरी दी गई है।

विद्युत विभाग की प्रमुख, मनीषा शेकटकर ने बताया कि शेष 150 स्कूलों में यह काम अगले चरणों में पूरा किया जाएगा, जिससे मनपा के सभी 300 स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। स्कूलों में छात्राओं के साथ शिक्षक, कर्मचारी या बस चालक द्वारा यौन उत्पीड़न की कई घटनाओं को देखते हुए, पुणे महानगरपालिका ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पहले चरण में लड़कियों के स्कूलों को प्राथमिकता दी गई है। यह पहल छात्राओं की सुरक्षा को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई है।

निगरानी व सुरक्षा के लिए सीसीटीवी आवश्यक

  • मनपा के अंतर्गत लगभग 300 से अधिक स्कूल हैं, जो 150 इमारतों में संचालित होते हैं। कई स्कूलों में बड़े खेल के मैदान हैं, लेकिन सुरक्षा गाडों की कमी के कारण रात के समय इन परिसरों में शराबी और नशा करने वालों की आवाजाही, कचरा डालना और स्कूल के सामान की चोरी जैसी घटनाएं होती हैं।
  • इन सभी गतिविधियों पर रोक लगाने और स्कूल परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाना एक आवश्यक कदम बन गया है।
  • स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे दिन-रात प्रभावी निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करेंगे, जिससे स्कूल का माहौल छात्रों के लिए सुरक्षित बन सकेगा।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com