पुणे में आधी रात के बाद बड़ा हादसा! चार मंजिला इमारत की पार्किंग में आग, 18 वाहन जलकर खाक

Fire Incident Pune: पुणे के कोंढवा स्थित भाग्योदय नगर की चार मंजिला इमारत की पार्किंग में आग लग गई। 18 वाहन क्षतिग्रस्त हुए और 35 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
Pune Kondhwa Building Parking Fire
आगजनी की सांकेतिक फोटो(सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • पुणे के कोंढवा स्थित भाग्योदय नगर की चार मंजिला इमारत की पार्किंग में आग लग गई।

  • दमकलकर्मियों ने धुएं में फंसे लगभग 35 लोगों को सुरक्षित निकालकर छत पर पहुंचाया।

  • इस हादसे में 18 वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हुए लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

Pune Kondhwa Building Parking Fire: महाराष्ट्र के पुणे में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कोंढवा के भाग्योदय नगर स्थित चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग में अचानक आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने वहां खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का गुबार पूरी इमारत में फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और करीब 35 लोगों को सुरक्षित निकालकर इमारत की छत पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।

तड़के 3:19 बजे दमकल विभाग को मिली सूचना

अधिकारियों के मुताबिक, घटना रविवार तड़के करीब 3:19 बजे की है। पुणे जिला के कोंढवा इलाके में भाग्योदय नगर की लेन नंबर-34 स्थित आवासीय इमारत की पार्किंग में आग लगने की सूचना दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही कोंढवा दमकल केंद्र से तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।

दमकलकर्मी जब घटनास्थल पर पहुंचे तो पार्किंग में खड़े कई वाहन आग की लपटों से घिरे हुए थे। आग से उठने वाला घना धुआं इमारत के ऊपरी हिस्सों तक पहुंच रहा था। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना था।

Pune Kondhwa Building Parking Fire
महाराष्ट्र के आदिवासी इलाकों में कितनी बदली तस्वीर? सरकारी योजनाओं के दावों और हकीकत का पूरा हिसाब

धुएं के बीच 35 लोगों का रेस्क्यू

आग और धुएं के कारण इमारत में फंसे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 35 निवासियों को सुरक्षित निकालकर इमारत की छत पर पहुंचाया गया। इसके बाद दमकलकर्मी श्वास उपकरण पहनकर आग प्रभावित पार्किंग क्षेत्र में दाखिल हुए और आग बुझाने का काम शुरू किया।

करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया।

Pune Kondhwa Building Parking Fire
Ola-Uber को टक्कर देने आ गई Bharat Taxi! महाराष्ट्र में कैसे काम करेगी नई टैक्सी सर्विस?

16 बाइक, एक ऑटो और कार आग की चपेट में

इस घटना में पार्किंग में खड़े कुल 18 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें 16 दोपहिया वाहन, एक तिपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन शामिल हैं। आग की वजह से इमारत की लिफ्ट और बिजली के तारों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

- एजेंसी इनपुट से