

पुणे में 22 वर्षीय IT इंजीनियर शिखर सक्सेना ने की आत्महत्या।
मृतक शिखर सक्सेना ने 3 महीने पहले ही पुणे में एक्सेंचर कंपनी में नौकरी शुरू की थी।
जालसाजों ने खुद को हरियाणा का सब-इंस्पेक्टर बताकर ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी दी थी।
पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात कॉलर की तलाश की जा रही है।
Pune IT Engineer Suicide Case: पुणे में साइबर ठगों की वजह से एक 22 वर्षीय आईटी इंजीनियर की जान चली गई। साइबर ठगों और धमकियों से डरकर युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शिखर सक्सेना के रूप में हुई है, जिसने महज तीन महीने पहले ही पुणे की एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी एक्सेंचर में बतौर टेक्नीशियन अपने करियर की शुरुआत की थी।
22 वर्षीय आईटी इंजीनियर शिखर सक्सेना की मौत के बाद परिवार ने साइबर जालसाजों द्वारा गंभीर रूप से प्रताड़ित किए जाने का बड़ा संदेह जताया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिखर सक्सेना ने 1 अक्टूबर को पुणे की एक ऊंची आवासीय इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता कुमार गौरव सक्सेना ने आरोप लगाया है कि अज्ञात फोन करने वाले ने बार-बार उनके बेटे से पैसे की मांग की और उसे ड्रग्स से संबंधित मामले में फंसाने की धमकी दी।
पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, 30 सितंबर को एक कॉलर ने टेक्नीशियन से संपर्क करने का प्रयास किया। शिखर का फोन बंद होने के कारण कॉल उनकी मां को डायवर्ट हो गई। जब शिखर की मां ने फोन करने वाले को बताया कि उनका बेटा पुणे में है, तो उस व्यक्ति ने फोन काट दिया।
इसके बाद आरोपी ने शिखर के पिता से संपर्क किया और शुरू में अपना नाम अजय कुमार बताया। उसने शिखर के एक परिचित दोस्त के रूप में खुद को पेश करने की कोशिश की, जिसे वह एक लोकप्रिय ऑनलाइन गेम के माध्यम से जानता था। हालांकि, जब कुमार गौरव ने कहा कि उनके बेटे ने कभी वह गेम नहीं खेला, तो कॉलर ने फोन काट दिया।
बाद में उसने फिर से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया, इस बार उसने हरियाणा के एक सब-इंस्पेक्टर होने का परिचय दिया। फोन करने वाले ने शिखर के पिता को बताया कि उनका बेटा अवैध ड्रग्स की बिक्री से जुड़े एक मामले में वांछित है। इस बातचीत से चिंतित होकर कुमार गौरव 30 सितंबर की रात को पुणे के लिए रवाना हो गए।
पुणे शहर में रहने वाले शिखर के चाचा ने भी अपने भतीजे का पता न चलने पर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने छानबीन की तो उसे अगले दिन शिखर द्वारा आत्महत्या करने की खबर पता चली। पुलिस उस अज्ञात फोन करने वाले की खोज कर रही है। इधर उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी शिखर के पिता भी पुणे के लिए रवाना हुए।
इस मामले में मृतक शिखर के पिता की शिकायत पर अजय कुमार भाटिया नाम के व्यक्ति के खिलाफ खराड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण ने बताया कि शिखर पुणे की एक नामी IT कंपनी में नौकरी करता था। उन्होंने बताया कि खराड़ी इलाके की रिवरडेल सूट सोसायटी की 27वीं मंजिल से छलांग लगाने की घटना सामने आई थी।