

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने प्रशांत भूषण के बयान का वीडियो शेयर कर विपक्ष पर बोला हमला।
सीएम फडणवीस ने आरोप लगाया कि सत्ता पाने के लिए छात्रों और किसानों को उकसाया जा रहा है।
अभिजीत दिपके ने सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद केवल मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करना था।
Devendra Fadnavis on Prashant Bhushan Regime Change Statement: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण के विवादित रिजीम चेंज वाले बयान के बाद विपक्ष का छिपा हुआ सच आखिरकार जनता के सामने आ गया है। सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया पर प्रशांत भूषण का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "हो गया भाई, सब कुछ सामने आ गया। आखिरकार, यह सब रिजीम चेंज के बारे में ही तो था।"
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सोशल मीडिया मंच एक्स पर सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण का एक वीडियो शेयर करते हुए CJP के अंजाज में लिखा It’s done bro, everything is exposed !! Afterall, it was all about ‘Regime Change’.. मतलब हो गया भाई, सब कुछ सामने आ गया। आखिरकार, यह सब रिजीम चेंज यानी सत्ता परिवर्तन के बारे में ही तो था।
CM फडणवीस ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा "आखिर मन में छुपी बात होठों पर आ ही गई। सारा खेल सत्ता की कुर्सी पाने का है.. फिर उसके लिए विद्यार्थियों, किसानों को उकसाना ही क्यों ना पडे, जाति और भाषा के नाम पर द्वेष फैलाना पडे, या देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं की प्रतिमा मलीन करनी पडे। आंदोलन की आड में अराजकता फैलाना ही 'इनका' उद्देश है।
15 अक्टूबर को CJP नेता अभिजीत दिपके और AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने दिल्ली में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल एडवोकेट प्रशांत भूषण ने कहा, "सरकार की बर्बरता जारी रही, तो सरकार बदलनी होगी। लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई सिविल सोसायटी और युवाओं के नेतृत्व में लड़ी जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "हां, हम रिजीम बदलना चाहते हैं। ये रिजीम चेंज की लड़ाई है।"
इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष पर आंदोलन की आड़ में सुनियोजित तरीके से अराजकता फैलाने के आरोप लगाए। सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं ने कहा कि प्रशांत भूषण की टिप्पणी ने विपक्ष के असली एजेंडे को उजागर कर दिया है।
विवाद को तुल पकड़ता देख कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सफाई देने की कोशिश की। देर रात हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिपके ने कहा कि उनके विरोध-प्रदर्शन का मकसद सत्ता परिवर्तन नहीं था, बल्कि वे सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
बता दें कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी दलों पर लगातार हमलावर है। सीएम फडणवीस ने तो CJP को कांग्रेस जिताओ पार्टी करार दिया है। अब प्रशांत भूषण के बयान के बाद एक बार फिर सीएम ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।