

Pune Vaishnavi Gisre Suicide Case: महाराष्ट्र के पुणे शहर में दहेज लोभियों के अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में हुए बहुचर्चित वैष्णवी हगवणे मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था, और अभी उस घटना की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि शहर में एक और नवविवाहिता की दहेज प्रताड़ना ने जान ले ली।
पुणे के वडाचीवाड़ी इलाके में शादी के महज चार महीने बाद ही एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने ससुराल वालों की प्रताड़ना और रोज-रोज के तानों से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मृतक युवती की पहचान 22 वर्षीय वैष्णवी ओंकार गिसरे के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है। वैष्णवी गिसरे की मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बेटी की मौत के बाद पिता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है और न्याय की गुहार लगाई है।
वैष्णवी के पिता प्रवीण रघुनाथ जरांडे द्वारा पुलिस में दर्ज कराई शिकायत के मुताबिक, वैष्णवी और ओंकार गिसरे की शादी इसी साल 9 मई 2026 को पूरे रीति-रिवाजों और धूमधाम के साथ हुई थी।
शिकायत में बताया गया है कि वैष्णवी के माता-पिता ने इस शादी में करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके साथ ही ससुराल वालों को खुश करने के लिए 10 तोले सोने के आभूषण भी दिए गए थे।
मायके वालों को लगा था कि इतना सब कुछ देने के बाद उनकी बेटी अपने ससुराल में राज करेगी और खुशहाल जीवन बिताएगी, लेकिन उनका यह सपना जल्द ही चकनाचूर हो गया।
शादी के शुरुआती दिन तो ठीक बीते, लेकिन कुछ ही दिनों में ससुराल वालों का असली रंग सामने आने लगा। आरोप है कि शादी के कुछ हफ्तों बाद ही ससुराल वालों ने एक नई कार गाड़ी खरीदने के लिए वैष्णवी पर मायके से 5 लाख रुपये नकद लेकर आने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
जब वैष्णवी ने इस अनुचित मांग का विरोध किया, तो उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उसे छोटी-छोटी बातों पर ताने मारे जाते, गालियां दी जातीं और मारपीट की जाती थी। 5 लाख रुपये की इस लालच ने वैष्णवी की जिंदगी को नर्क बना दिया था। रोज-रोज के इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न ने उस नवविवाहिता को अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया।
ससुराल वालों की दहेज प्रताड़ना से हारकर आखिरकार वैष्णवी ने मौत को गले लगाना ही बेहतर समझा। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात वडाचीवाड़ी स्थित वृंदावन सोसायटी में अपने ही घर में वैष्णवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कालेपडल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ससून अस्पताल भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद, वैष्णवी के पिता प्रवीण जरांडे की शिकायत के आधार पर कालेपडल पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुणे पुलिस ने इस मामले में वैष्णवी के पति ओंकार गिसरे, ससुर संजय महादेव गिसरे और सास रूपाली गिसरे के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम और आत्महत्या के लिए उकसाने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कालेपडल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।