

Parth Pawar Demand Pune Daund Local Train: पुणे और दौंड के बीच सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों की सहूलियत के लिए राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने केंद्र सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने रेल मंत्रालय और संबंधित उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर इस रूट पर बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने, इलेक्ट्रिक उपनगरीय ट्रेन (लोकल) तुरंत शुरू करने और स्टेशनों के आधुनिकीकरण की मांग की है।
पार्थ पवार ने पत्र में लिखा है कि दौंड-पुणे के बीच इलेक्ट्रिक उपनगरीय (लोकल) ट्रेन सेवा शुरू करने, DEMU सेवाओं में सुधार, दौंड जंक्शन के विकास तथा दौंड में ‘ग्रीन जोन’ परियोजना को मंजूरी देने की मांग की गई है। इस पत्र में दौंड नगर परिषद की अध्यक्ष दुर्गा देवी इंद्रजीत जगदाले द्वारा 26 मई 2026 को दिए गए निवेदन का भी उल्लेख किया गया है। पार्थ पवार के पत्र में लिखा गया कि दौंड-पुणे रेल मार्ग हजारों यात्रियों के लिए जीवनरेखा माना जाता है। छात्र, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, किसान और औद्योगिक कामगार प्रतिदिन इस मार्ग से यात्रा करते हैं। इसके बावजूद आवश्यक बुनियादी ढांचा उपलब्ध होने के बाद भी अब तक उपनगरीय (लोकल) सेवा शुरू नहीं की गई है, जिससे यात्रियों को डीईएमयू ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
पार्थ पवार ने बताया कि वर्तमान में ट्रेनों में अत्यधिक भीड़, अनियमित समय सारणी और लगातार देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए यात्री लगातार इसकी मांग कर रहे हैं। इसीलिए सांसद पवार ने दौंड–पुणे के बीच इलेक्ट्रिक लोकल सेवा जल्द शुरू करने की आवश्यकता को लेकर पत्र लिखा है। इसके साथ ही दौंड जंक्शन के विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेलवे की खाली जमीन पर ‘नमो उद्यान’ योजना के तहत ग्रीन जोन विकसित करने की मंजूरी देने की भी मांग की गई है।
बता दें कि पार्थ पवार महाराष्ट्र राज्य से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें अप्रैल 2026 में वे निर्विरोध निर्वाचित हुए थे, जिसके बाद संसद के उच्च सदन के सदस्य के रूप में उनको शपथ दिलाई गई थी। इससे पहले उन्होंने साल 2019 में मावल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)