पुणे एयरपोर्ट फिर से हुआ शुरू, रनवे पर वायुसेना के फाइटर जेट में आई थी खराबी, 73 उड़ानें रद्द

Pune Airport Reopen News: पुणे एयरपोर्ट के रनवे पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान में तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। रात भर परिचालन ठप रहने और 73 उड़ानें रद्द होने के बाद अब सेवाएं सामान्य हैं।
pune-fake-atc-noc-illegal-buildings-scam-investigation
पुणे एयरपोर्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Airport Fighter Jet Technical Glitch News: महाराष्ट्र के पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इसके चलते हवाई यातायात पूरी तरह चरमरा गया। भारतीय वायुसेना (IAF) के एक लड़ाकू विमान के लैंडिंग गियर (अंडरकैरेज) में तकनीकी खराबी आने के कारण रनवे को रात भर के लिए बंद करना पड़ा। शनिवार सुबह करीब 9 बजे के बाद रनवे को सुरक्षित घोषित कर दिया गया और अब उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया है।

क्या था पूरा मामला?

पुणे एयरपोर्ट के निदेशक संतोष धोके के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:25 बजे लैंडिंग के दौरान एक लड़ाकू विमान के 'अंडरकैरेज' में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान रनवे के बीचों-बीच फंस गया, जिससे पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया। वायुसेना के वरिष्ठ वायु यातायात नियंत्रण अधिकारी (SATCO) ने तुरंत विमान को 'निष्क्रिय' घोषित कर सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी नागरिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।

रात भर चला रेस्क्यू और मरम्मत कार्य

विमान की स्थिति और रनवे की सुरक्षा को देखते हुए शुरुआत में सुबह 5:30 बजे तक रनवे बंद करने का नोटिस (NOTAM) जारी किया गया था। हालांकि, विमान को हटाने और रनवे की बारीकी से जांच करने के लिए इस समय सीमा को सुबह 9 बजे तक बढ़ा दिया गया। वायुसेना की तकनीकी टीम ने सुबह लगभग 5:45 बजे लड़ाकू विमान को रनवे से हटा लिया, जिसके बाद सफाई और निरीक्षण का काम पूरा किया गया।

 73 उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

रनवे बंद होने का सबसे ज्यादा असर आम यात्रियों पर पड़ा। पुणे एयरपोर्ट (Pune Airport) प्रशासन के अनुसार कुल 73 उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डे पर आने वाली 12 उड़ानों का मार्ग (Divert) बदला गया और हजारों यात्री रात भर एयरपोर्ट पर फंसे रहे। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने भीड़ प्रबंधन संभाला। यात्रियों को पीने का पानी, पेय पदार्थ और हल्का नाश्ता उपलब्ध कराया गया।

अब क्या है स्थिति?

भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "पुणे एयरपोर्ट का रनवे अब बहाल कर दिया गया है। सभी आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई हैं और उड़ान संचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू हो रहा है।" सुबह 7:30 बजे से उड़ानों का प्रस्थान और 8:00 बजे से आगमन सामान्य रूप से शुरू हो चुका है। एयरलाइंस अब यात्रियों के साथ समन्वय कर रही हैं ताकि उड़ानों के नए समय की जानकारी दी जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com