मराठा आंदोलनकारियों ने किया CM फडणवीस के घेराव का प्रयास, पुणे में गरमाई मराठा आरक्षण की आंच

Devendra Fadnavis Pune News: पुणे में देवेंद्र फडणवीस के घेराव की कोशिश और मनोज जरांगे की बिगड़ती सेहत से मराठा आरक्षण आंदोलन तेज हो गया है। जानें इस मुद्दे से जुड़े सभी ताजा अपडेट्स।
maratha reservation protest pune devendra fadnavis manoj jarange
मनोज जरांगे और देवेंद्र फडणवीस(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maratha Reservation Protest Pune Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण का मुद्दा हर बीतते दिन के साथ और भी अधिक संवेदनशील तथा आक्रामक होता जा रहा है। एक तरफ जहां आंदोलन की कमान संभाले मनोज जरांगे पाटील मुंबई की ओर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है।

ताजा घटनाक्रम पुणे शहर से सामने आया है, जहां केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल के निवास स्थान पर भगवान गणेश के दर्शन करने पहुंचे देवेंद्र फडणवीस को मराठा आंदोलनकारियों के भारी विरोध और घेराव का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लिया हिरासत में

जब देवेंद्र फडणवीस केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल के घर गणपति बप्पा की आरती और दर्शन के लिए पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद मराठा समाज के आंदोलनकारी अचानक आक्रामक हो गए। कार्यकर्ताओं ने फडणवीस के खिलाफ मौके पर ही ज़ोरदार नारेबाजी शुरू कर दी और उनका घेराव करने का प्रयास किया।

अचानक शुरू हुई इस नारेबाजी और घेराव की कोशिश से मौके पर अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों ने शुरुआत में उग्र कार्यकर्ताओं को समझाने-बुझाने और शांत करने का प्रयास किया। लेकिन जब आंदोलनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे और पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए हंगामा कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ही क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ सकी।

maratha reservation protest pune devendra fadnavis manoj jarange
कौन है जरांगे के अनशन का मास्टरमाइंड? भाजपा के मंत्री का बड़ा दावा, बोले- मुझे इस आंदोलन से राजनीतिक बू आती है

पाटोदा में मनोज जरांगे की तबीयत बिगड़ी, चढ़ाई गई सलाइन

पुणे की इस घटना के साथ-साथ मुंबई की ओर बढ़ रहे मनोज जरांगे पाटील का आंदोलन भी एक बेहद नाजुक मोड़ पर पहुंच चुका है। लगातार 19 दिनों के उपोषण और हजारों के जनसैलाब के साथ यात्रा करते हुए जरांगे जैसे ही पाटोदा पहुंचे, उनका स्वास्थ्य अत्यधिक खराब हो गया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनकी जांच की और उन्हें सलाइन चढ़ाया।

हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे जरांगे

दूसरी ओर, मुंबई पुलिस ने गणेशोत्सव के पावन पर्व और कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए मुंबई के आजाद मैदान में मनोज जरांगे के आंदोलन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस प्रशासनिक फैसले के खिलाफ जरांगे अब बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करने की तैयारी में हैं। इसके साथ ही जरांगे ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ गंभीर साजिश रची जा रही है।

पुणे में फडणवीस के घेराव की कोशिश, जरांगे की बिगड़ती सेहत और मुंबई पुलिस के रुख ने राज्य के राजनीतिक और सामाजिक वातावरण को पूरी तरह गरमा दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com