आज का मौसम: मध्य महाराष्ट्र में शीतलहर की चेतावनी, 'इन' जिलों में बढ़ेगी ठंड

Maharashtra Weather Today: मध्य महाराष्ट्र में आज शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है, जबकि IMD ने नासिक, पुणे, सोलापुर समेत सात जिलों में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया है।
आज का मौसम
आज का मौसम (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

Pune News: दिसंबर के मध्य में भी राज्य में ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनना जरूरी हो गया है। उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं के कारण महाराष्ट्र एक बार फिर शीतलहर की चपेट में आ गया है, जिसके चलते मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

राज्य में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज मध्य महाराष्ट्र में कोल्ड वेव सक्रिय रहने की संभावना है। इसी कारण इस क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा।

जेउर में सबसे कम तापमान दर्ज

शनिवार को जेउर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। धुले के कृषि महाविद्यालय में 6.1 डिग्री, निफाड़ के गेहूं अनुसंधान केंद्र में 6.3 डिग्री, परभणी स्थित वसंतराव नाइक मराठवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय में 6.9 डिग्री और जलगांव में 7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अहिल्यानगर में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि पुणे, नासिक और मालेगांव में यह 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सतारा, गोंदिया और भंडारा में भी 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान दर्ज किया गया।

आज इन जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यदि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और औसत से 4.5 डिग्री कम हो, तो उसे कोल्ड वेव माना जाता है। तापमान में 6.5 डिग्री या उससे अधिक गिरावट होने पर इसे सीवियर कोल्ड वेव कहा जाता है।

शनिवार को जेउर, धुले, निफाड़, जलगांव, अहिल्यानगर और परभणी में कोल्ड वेव सक्रिय रही। आज IMD ने नंदुरबार, धुले, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे और सोलापुर-इन सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड का असर जारी रहेगा और लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ये भी पढ़े:

मुंबई-पुणे में मौसम का हाल

मुंबई में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हाल के दिनों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, लेकिन रविवार को मुंबई में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और आसमान साफ रहने की संभावना है। पुणे और पश्चिमी महाराष्ट्र में कोल्ड वेव का असर बना हुआ है। पुणे में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

मराठवाड़ा-विदर्भ में ठंड का असर

मराठवाड़ा में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। छत्रपति संभाजीनगर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और नांदेड़ में 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, विदर्भ में ठंड से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। नागपुर में तापमान 14 डिग्री और अमरावती में 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Navbharat Live
navbharatlive.com