प्याज को नहीं मिल रहा उचित दाम, किसानों के समर्थन में महाविकास आघाड़ी ने जाम किया पुणे-नाशिक महामार्ग

Maharashtra Onion Farmers Protest: महाराष्ट्र में प्याज की गिरती कीमतों को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पुणे-नाशिक महामार्ग पर महाविकास आघाड़ी ने रास्ता रोको आंदोलन किया।
Maharashtra Onion Farmers Protest Pune News
महाराष्ट्र प्याज किसानों के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बने हर्षवर्धन सपकाल (सौ. एक्स )
Published on
Updated on

Maharashtra Onion Farmers Protest Pune News: महाराष्ट्र में प्याज किसानों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। वे अपनी फसल को कौड़ियों के भाव में बेचने को मजबूर हैं। किसानों को प्याज के लिए प्रति किलो दो रुपये का भाव भी नहीं मिल रहा है।

इन मुद्दों को लेकर विपक्ष की महाविकास आघाड़ी में शामिल दलों ने मंगलवार को पुणे-नाशिक महामार्ग जाम कर दिया। इस आंदोलन में भाग लेने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसान बर्बाद हो गए हैं।

महाविकास आघाड़ी में शामिल दलों के नेताओं ने पुणे जिले के आंबेगांव तालुका में पुणे-नाशिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन किया। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू होने के बावजूद हजारों किसान सड़क पर उतर आए।

इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के अलावा राकां (शरद पवार गुट) के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिदि, विधायक रोहित पवार, सांसद निलेश लंके, विधायक बापूसाहेब पठारे, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक बाबाजी काले समेत कई नेताओं ने भाग लिया।

विपक्ष की मांगें

  • प्याज किसानों को 3,000 रुपये प्रति क्विंटल की गारंटी मूल्य
  • कम कीमत पर बेचे गए प्याज पर अनुदान
  • किसानों का पूरा प्याज नाफेड के माध्यम से खरीदा जाए
  • खरीद प्रक्रिया में व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के बजाय किसानों के हितों को प्राथमिकता

युवा किसान ने की जहर पीने की कोशिश

मंचर में किसानों ने पुणे-नाशिक महामार्ग को रोककर जोरदार प्रदर्शन किया, सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने मंच पर अपनी जेब से जहरीली दवा की बोतल निकालकर उसे पीने की कोशिश की। हालाकि मौके पर मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com