महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता घटी, 124 मंडलों में अतिवृष्टि, जलगांव में 6 की मौत और पंढरपुर में बाढ़ का संकट
Maharashtra Heavy Rain: महाराष्ट्र के 124 मंडलों में अतिवृष्टि से नदियां उफान पर हैं। जलगांव में 6 लोगों की मौत हुई, वहीं उजनी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण पंढरपुर में बाढ़ की स्थिति है।
- Written By: रूपम सिंह
महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता (सोर्स- सोशल मीडिया)
Maharashtra Heavy Rainfall Alert: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के बाद शनिवार को वर्षा की तीव्रता कुछ कम हुई, लेकिन बीते दो से तीन दिनों में कोंकण, घाट क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। राज्य के 124 मंडलों में अतिवृष्टि रिकॉर्ड की गई है। लगातार बारिश के कारण प्रमुख बांधों में जलसंचय तेजी से बढ़ा है और कई परियोजनाओं से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है।
कोंकण में जोरदार बारिश, प्रमुख बांध हुए भरपूर
रायगढ़, सिंधुदुर्ग, ठाणे और पालघर जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ के चौक, कर्जत, विले, कडव और कर्नाला, जबकि सिंधुदुर्ग के आंबोली और माडखोल क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई। मुंबई महानगर क्षेत्र के मोडकसागर और विहार बांध पूरी क्षमता तक भर चुके हैं, जबकि तानसा, तुलसी और मध्य वैतरणा बांधों में भी जलसंचय संतोषजनक स्तर पर पहुंच गया है।
पुणे, सातारा और नाशिक में भी अच्छी बारिश
मध्य महाराष्ट्र के पुणे, सातारा और नाशिक जिलों के कई हिस्सों में लगातार अच्छी बारिश हुई। मराठवाड़ा में वर्षा अपेक्षाकृत कम रही, हालांकि जायकवाड़ी और विष्णुपुरी बांधों में पर्याप्त जलसंचय दर्ज किया गया है। येलदरी और पेनगंगा-इसापुर बांधों में भी पानी का स्तर बढ़ा है। विदर्भ में भी कई स्थानों पर बारिश हुई, लेकिन इसकी तीव्रता अन्य क्षेत्रों की तुलना में कम रही।
सम्बंधित ख़बरें
लगातार बारिश से गड़चिरोली बेहाल, नदी-नाले उफान पर, सड़कें टूटीं, फसलें बर्बाद, कई गांवों का टूटा संपर्क
PM फसल बीमा योजना में गोंदिया के किसानों का बढ़ा भरोसा, 1.35 लाख रिकॉर्ड आवेदन, जांनें आवेदन की अंतिम तिथि
वर्धा में गैस कटर से ATM काटकर ₹12.22 लाख की चोरी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पिंपरी-चिंचवड़ में आर्थिक तंगी से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, सुसाइड नोट से हुआ बड़ा खुलासा
जलगांव में बारिश का कहर, 6 लोगों की मौत
जलगांव जिले में बीते दो दिनों की अतिवृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन के अनुसार, बाढ़ के पानी में बहने से चार लोगों, दीवार गिरने से एक व्यक्ति और बिजली का करंट लगने से एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई। जिले में 52 मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 24 पशुओं और 4,034 मुर्गियों की भी मौत हुई है। कई खेत अब भी जलमग्न हैं, जिससे फसल नुकसान का आकलन प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें:- पिंपरी-चिंचवड़ में आर्थिक तंगी से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, सुसाइड नोट से हुआ बड़ा खुलासा
पंढरपुर में चंद्रभागा नदी उफान पर
पुणे जिले और भीमा घाटी में लगातार बारिश के चलते उजनी बांध भर गया है। बांध से भीमा नदी में पानी छोड़े जाने के कारण पंढरपुर में चंद्रभागा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शहर का ऐतिहासिक पत्थर पुल पानी में डूब गया है। नदी किनारे स्थित भक्त पुंडलिक मंदिर, कई अन्य मंदिर और संतों की समाधियां भी जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
19 जिलों में अगले चार दिन बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, कोल्हापुर, नंदुरबार, वर्धा, चंद्रपुर समेत 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों तथा विदर्भ के अकोला, अमरावती, नागपुर, बुलढाणा, गड़चिरोली, गोंदिया और वाशिम जिलों में भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
