Maharashtra Board Exam 2027: 10वीं-12वीं के प्रश्नपत्र अब ऑनलाइन भेजे जाएंगे, शिक्षा मंडल का बड़ा फैसला

Maharashtra Board Exam 2027 News: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली को डिजिटल बनाने का फैसला किया है।
Maharashtra Board Exam 2027 Update
महाराष्ट्र बोर्ड एग्जाम 2027 (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Maharashtra Board Exam 2027 Update: 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अगले वर्ष से प्रश्नपत्रिकाएं ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक भेजने का निर्णय लिया है।

इसके लिए आवश्यक कंप्यूटर, प्रिंटर, सॉफ्टवेयर, वाई-फाई तथा अन्य डिजिटल सुविधाएं राज्य मंडल उपलब्ध कराएगा। यह निर्णय राज्य कनिष्ठ महाविद्यालयीन शिक्षक महासंघ और माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल के बीच आयोजित संयुक्त विचार-विमर्श बैठक में लिया गया।

ई-मेल के माध्यम से परीक्षा केंद्रों पर भेजी जाएंगी प्रश्नपत्रिकाएं

परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले प्रश्नपत्रिकाएं ई-मेल के माध्यम से परीक्षा केंद्रों पर भेजी जाएंगी। इसके बाद केंद्रों पर उनकी प्रिंट कॉपी निकालकर विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार वितरित की जाएगी। जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली पूरक परीक्षा के दौरान पुणे के ग्रामीण क्षेत्र के कुछ परीक्षा केंद्रों पर इस प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट के रूप में परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद इसे राज्य के परीक्षा केंद्रों पर लागू करने की योजना है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी तकनीकी व्यवस्था सक्षम

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और तकनीकी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। राज्य मंडल के अध्यक्ष त्रिगुण कुलकर्णी ने विश्वास व्यक्त किया कि मंडल के पास आवश्यक तकनीकी संसाधन और नियत्रण तंत्र उपलब्ध है, इसलिए इस नई व्यवस्था को लागू करने में कोई कठिनाई नहीं आएगी।

परीक्षा प्रणाली में आएगा बड़ा बदलाव

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऑनलाइन प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था से परीक्षा प्रक्रिया अधिक आधुनिक, पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी। साथ ही प्रश्नपत्रों के मुद्रण, पैकेजिंग और परिवहन पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com