पुणे में मूसलाधार आफत के बीच खड़कवासला डैम में बंपर पानी: 24 घंटे में बढ़ा 78 दिनों का कोटा, पर कटौती अभी जारी

Pune Khadakwasla Dam: पुणे की खड़कवासला डैम श्रृंखला में 24 घंटे में 3.89 TMC पानी बढ़ा है, जो शहर के लिए 78 दिनों का कोटा है। हालांकि, 80% जलस्तर होने तक मनपा की पानी कटौती जारी रहेगी।
Khadakwasla dam chain in Pune receives 3.89 TMC water in 24 hours, enough for 78 days. However, PMC will continue water cuts until total storage hits 80%.
खड़कवासला डैम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Khadakwasla Dam Chain Water Level Rises: पुणे जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर खड़कवासला डैम श्रृंखला पर साफ दिखाई दे रहा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में डैमों में 3.89 टीएमसी अतिरिक्त पानी जमा हुआ है। इससे कुल जल भंडारण 8.32 टीएमसी (28.55 प्रतिशत) से बढ़कर 12.21 टीएमसी (41.88 प्रतिशत) हो गया है। यह मात्रा पुणे शहर की लगभग 78 दिनों (करीब ढाई महीने) की जल आवश्यकता पूरी करने के लिए पर्याप्त मानी जा रही है।

चारों प्रमुख डैमों का जलस्तर बढ़ा

लगातार बारिश के कारण खड़कवासला डैम श्रृंखला के सभी प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। वर्तमान में खड़कवासला डैम 88.52 प्रतिशत, पानशेत 42.87 प्रतिशत, वरसगांव 39.25 प्रतिशत और टेमघर 23.31 प्रतिशत भर चुका है। गौरतलब है कि 29 जून को इन चारों डैमों में केवल 3.65 टीएमसी पानी उपलब्ध था, जो लगातार नौ दिनों की बारिश के बाद बढ़कर 12.21 टीएमसी तक पहुंच गया है।

फिलहाल पानी कटौती में राहत नहीं

जल भंडारण में उल्लेखनीय वृद्धि के बावजूद पुणे शहर में लागू एक दिन छोड़कर जलापूर्ति की व्यवस्था फिलहाल जारी रहेगी। पुणे महानगरपालिका का कहना है कि डैम श्रृंखला में कुल क्षमता का कम से कम 80 प्रतिशत जल भंडारण होने के बाद ही जल कटौती समाप्त करने पर विचार किया जाएगा। इसलिए नागरिकों को अभी कुछ समय तक मौजूदा जल वितरण व्यवस्था का पालन करना होगा।

घाट क्षेत्रों में बारिश से जनजीवन प्रभावित

पिछले दो-तीन दिनों से जारी भारी बारिश ने पुणे शहर और आसपास के घाट क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई स्थानों पर लगातार दूसरे दिन 500 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय, बारिश जारी रहने के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र सहित तीन मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून को मजबूती मिली है और पश्चिमी घाट सहित पुणे जिले में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि वर्षा का यही क्रम जारी रहा तो डैमों का जलस्तर आने वाले दिनों में और तेजी से बढ़ सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com