हत्या की कोशिश में 2 बार फेल हुई थी सिया, तीसरी बार में...', केतन अग्रवाल हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा

Ketan Agarwal Murder Case Inside Details: मंगेतर सिया ने केतन अग्रवाल को मारने के लिए रचा था खौफनाक चक्रव्यूह। दो बार फेल होने के बाद तीसरी बार लोहगढ़ किले की खाई में धकेला।
Ketan Agarwal Murder Case Siya Goyal Statement
केतन हत्याकांड में सिया गोयल का खौफनाक खुलासा
Published on: 
Updated on: 

Ketan Agarwal Murder Case Siya Goyal Statement: महाराष्ट्र के पुणे जिले के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसमें बेहद चौंकाने वाले और रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआत में जिस मौत को लोहगढ़ किले के शिखर पर फोटो खिंचवाते समय पैर फिसलने के कारण हुआ एक दुखद हादसा (ADR) माना जा रहा था, वह दरअसल देश की सबसे ठंडे दिमाग से रची गई 'मर्डर मिस्ट्री' में से एक निकली। पुलिस हिरासत में आरोपी मंगेतर सिया गोयल ने कबूल किया है कि वह केतन को रास्ते से हटाने के लिए पहले भी 2 बार जानलेवा हमले की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन कामयाबी उसे तीसरी बार में मिली।

फरवरी 2026 में हुई सगाई के बाद, आगामी नवंबर में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए जहां परिवार राजस्थान में 17 करोड़ रुपये का महल और 2 प्राइवेट जेट बुक कर रहा था, वहीं सिया अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर मौत का स्क्रिप्ट लिख रही थी।

6 महीने में 2,004 कॉल और 238 घंटे की बातचीत, ऐसे शुरू हुआ शक

पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, केतन की मौत के बाद जब सिया के मोबाइल रिकॉर्ड्स को खंगाला गया, तो पुलिस के होश उड़ गए। सिया और उसके 1 साल पुराने प्रेमी चेतन चौधरी (22) के बीच 1 जनवरी से 18 जून के बीच कुल 2,004 फोन कॉल्स हुए थे। दोनों ने इन 6 महीनों में 238 घंटे गुप्त बातचीत की थी। इसके अलावा, घटना वाले दिन अचानक इंटरनेट कनेक्शन बंद किया जाना, केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब होना और सबसे हैरान करने वाली बात कि केतन के अंतिम संस्कार के महज 4 दिन बाद ही सिया का सामान्य रूप से मृतक के घर पहुंच जाना। इन सभी कड़ियों ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी क्रूर हत्या है।

'स्नेक अटैक': सांप का खौफ दिखाकर खाई में गिराने की थी साजिश

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि सिया और चेतन ने केतन को मौत की नींद सुलाने का पहला प्रयास 31 मई को लोहगढ़ किले पर ही बनाया गया गया था लेकिन वो कामयाब नहीं हुआ। फिर 14 जून को दोबारा साजिश रची गई। सिया केतन को उसी लोहगढ़ किले में लेकर गई थी। इस प्लान के तहत उन्होंने केतन के मन में 'डर का फायदा' उठाने की रणनीति बनाई थी। योजना यह थी कि ट्रेकिंग के दौरान अचानक एक सांप दिखाकर दहशत का माहौल बनाया जाए, जिससे केतन सदमे और भ्रम में आकर पीछे हटे और सीधे खाई के किनारे से नीचे गिर जाए। उन्होंने सांप के हमले का पूरा नाटक रचा, लेकिन केतन डरा जरूर पर वह पीछे की ओर नहीं हटा, जिसके कारण उनका ये प्रयास भी पूरी तरह फेल हो गया।

'बर्थडे पिकनिक' का बुना जाल

दो प्रयासों की नाकामी के बाद सिया ने अपने 19 जून वाले जन्मदिन का सहारा लिया। केतन ने अपनी होने वाली पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए पहले से ही महाबलेश्वर के एक बेहद आलीशान रिसॉर्ट में 40 कमरे बुक करवा रखे थे और एक ग्रैंड सरप्राइज प्लान कर रहा था। लेकिन सिया गोयल ने केतन को बहलाते हुए कहा कि वह बेहद निजी और यादगार तरीके से लोहगढ़ किले में ही पिकनिक मनाना चाहती है। केतन बिना किसी शक के मान गया। 18 जून को सिया दोस्तों और परिवार के ग्रुप के साथ लोहगढ़ पहुंची। उधर चेतन चौधरी ने चालाकी दिखाते हुए अपना फोन एक दुकान पर ही छोड़ दिया ताकि उसकी लोकेशन वहां न आए और वह चुपके से किले पर पहुंच गया। किले के एक सुनसान और गहरी खाई वाले पॉइंट पर पहुंचते ही सिया और चेतन ने केतन के सिर के पीछे किसी भारी चीज से वार किया और उसे 400 फीट गहरी खाई में नीचे फेंक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर लिखा इमोशनल नोट: "तुम मुझे क्यों छोड़ गए?"

केतन अग्रवाल की हत्या करने के अगले ही दिन यानी अपने खुद के जन्मदिन पर सिया ने इस घिनौने अपराध को छिपाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। उसने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक स्टोरी शेयर की, जिसमें लिखा था, "तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़कर चले गए। जब हम शादी के बेहद करीब थे, तब तुम मुझे छोड़कर चले गए। मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया? जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तब तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।" पुलिस ने इस इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट भी अपनी चार्जशीट और सबूतों का हिस्सा बनाया है। केतन की मां ने रोते हुए बताया कि वे अक्सर सिया को शॉपिंग और डिनर पर ले जाती थीं, लेकिन उसके चेहरे के पीछे इतना शातिर कातिल छिपा है, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com