'खुद को बचने के लिए चेतन को फंसा रही है सिया', केतन अग्रवाल मर्डर केस में चेतन के पिता ने क्या बताया

Ketan Agarwal Murder News: केतन अग्रवाल मर्डर केस में आरोपी चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी का दावा, सिया खुद को बचाने के लिए मेरे बेटे को फंसा रही है।
Chetan Father Babulal on Ketan Agarwal Murder
केतन अग्रवाल मर्डर केस में चेतन के पिता ने बेटे को बताया निर्दोष (फोटो क्रेडिट-X)
Updated on

Ketan Agarwal Murder Update: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल हत्याकांड में मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब एक नया मोड़ आ गया है। इस पूरे मामले में पहली बार आरोपी चेतन चौधरी के पिता बाबूलाल चौधरी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। बाबूलाल चौधरी ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए दावा किया है कि उनका बेटा पूरी तरह से बेगुनाह है और मुख्य आरोपी सिया गोयल खुद को कानून के शिकंजे से बचाने के लिए उनके बेटे को मोहरा बनाकर फंसा रही है।

इस बीच, पुणे पुलिस की तफ्तीश में यह भी साफ हुआ है कि इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री की पूरी स्क्रिप्ट लोहगढ़ जाने से पहले एक कैफे में बैठकर लिखी गई थी। पुलिस का मानना है कि सिया की इस स्क्रिप्ट में चेतन भी बराबर का भागीदार है। हालांकि जांच अभी शुरुआती दौर में है। आने वाले वक्त में पता चल जाएगा कि इस मामले में चेतन की संलिप्तता कितनी है।

मां से मीटिंग का बोलकर निकला था चेतन

बेटे के बचाव में आए बाबूलाल चौधरी ने मीडिया को बताया कि 18 जून की सुबह चेतन घर पर किसी को कुछ बताकर नहीं गया था। उसने अपनी मां से सिर्फ इतना कहा था कि उसकी एक जरूरी बिजनेस मीटिंग है और वह उसी के लिए बाहर जा रहा है। बाबूलाल ने कहा, "हमें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार जब लोहगढ़ किले पर यह दुखद घटना घटी, तब चेतन मुख्य पॉइंट पर सिया और केतन अग्रवाल से काफी दूरी पर खड़ा था।

मेरा बेटा ऐसा क्रूर कदम कभी नहीं उठा सकता। पुलिस जब उसे पकड़ने आई थी, तब चेतन ने खुद थाने में लड़की (सिया) के सामने चिल्लाकर कहा था कि उसका कोई दोष नहीं है और उसे जबरन घसीटा जा रहा है।" उन्होंने सिया और चेतन के बीच किसी भी तरह के प्रेम प्रसंग की जानकारी होने से भी पूरी तरह इनकार किया।

पुलिस फ्रॉड केस का बहाना बनाकर घर से ले गई थी

चेतन के पिता ने पुणे ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया, "जब पुलिस हमारे घर आई थी, तो उन्होंने हमसे सच छिपाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि चेतन के खिलाफ किसी धोखाधड़ी की शिकायत है और वे उसे केवल सामान्य पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर जा रहे हैं। ऐसा बोलकर वे उसे ले गए, लेकिन बाद में हमें पता चला कि उसे इतने बड़े मर्डर केस में आरोपी बना दिया गया है। हमारा लड़का ऐसा कर ही नहीं सकता। वह बेकसूर है और उसे तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।" बाबूलाल ने यह भी माना कि उन्हें नहीं पता कि चेतन उस दिन आखिर लोहगढ़ किले में क्यों और किसके बुलाने पर गया था।

कैफे में कत्ल की साजिश और अब तीसरा दोस्त 'नीरज' रडार पर

पुलिस की समानांतर जांच में एक और सनसनीखेज पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि सिया गोयल की शादी भले ही रियल एस्टेट किंग केतन अग्रवाल से तय हो चुकी थी, लेकिन एक दिवाली पार्टी के दौरान सिया को चेतन चौधरी से प्यार हो गया था। केतन को रास्ते से हटाने के लिए सिया और चेतन ने पुणे के ही एक नामी कैफे में बैठकर पूरी साजिश रची थी। इस मामले में अब चेतन का एक बेहद करीबी दोस्त 'नीरज' भी पुलिस के रडार पर आ गया है।

पुणे पुलिस वर्तमान में नीरज को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह सुराग तलाशने में जुटी है कि क्या नीरज भी इस कत्ल की साजिश में सीधे तौर पर शामिल था, या फिर उसकी जानकारी के बिना आरोपियों ने केवल उसके मोबाइल फोन और इंटरनेट कनेक्शन का इस्तेमाल इस वारदात को अंजाम देने के लिए किया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com