केतन अग्रवाल मौत: हादसा या हत्या? सेल्फी की कहानी निकली झूठी, मंगेतर ने लोहगढ़ की 350 फीट गहरी खाई में धकेला

Ketan Agrawal Death Mystery: पुणे के लोहगढ़ किले में बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की 350 फीट गहरी खाई में गिरकर हुई मौत में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में यह हादसा नहीं बल्कि मंगेतर की खूनी साजिश निकली।
Ketan Agrawal Death Mystery
केतन अग्रवाल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ketan Agrawal Death News: महाराष्ट्र के पुणे में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर 18 जून को एक दर्दनाक हादसे में 26 साल के युवा बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत हो गई थी। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। यह मामला हादसा नहीं साजिश तहत हत्या में बदल गया है।

पुणे पुलिस ने पिछले हफ्ते बताया था कि पुणे शहर के पास गहुंजे के रहने वाले और अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर 26 साल के केतन विशाल अग्रवाल 18 जून की सुबह तस्वीरें ले रहे थे। तभी तेज हवाओं के बीच उनका संतुलन बिगड़ गया और वे लोहगढ़ किले में 350 फीट गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

केतन अग्रवाल मौत मामले में मंगेतर पर शक की सुई

जैसे-जैसे केतन अग्रवाल की मौत की जांच आगे बढ़ी इस मामले में एक नया मोड़ आ गया। मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया की पड़ताल और जांच के बाद पुलिस अब इसे कथित हत्या की साजिश के रूप में देख रही है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि यह हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि शक की सुई किसी और पर नहीं बल्कि केतन की मंगेतर और उसके करीबियों की तरफ बढ़ रही है। पुणे पुलिस के अनुसार बिजनेसमैन केतन अग्रवाल को उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर केतन को गहरी खाई में धकेल दिया और इसे एक हादसा बताकर पेश किया। इस मामले में केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया गया है।

14 जून को हुआ था केतन की हत्या का पहला प्रयास

पुणे पुलिस के मुताबिक 18 जून को हुई हत्या पहला प्रयास नहीं था। इससे पहले 14 जून को भी कथित तौर पर केतन की हत्या का एक प्रयास किया गया था। उस दिन केतन को लोहगढ़ ले जाया गया। इस दौरान उसे सांप का डर दिखाकर उन्हें घाटी की ओर ले जाने की कोशिश की गई। पुलिस का दावा है कि सिया का यह प्रयास सफल नहीं हो सका।

Ketan Agrawal and siya goyal
केतन अग्रवाल व उसकी मंगेतर सिया गोयल (सोर्स: सोशल मीडिया)

18 जून को दिया गया वारदात को अंजाम

पुणे पुलिस के अनुसार पहला प्रयास फेल होने बाद 18 जून को फिर लोहगढ़ ट्रेक की योजना बनाई गई। चेतन चौधरी को भी मौके पर बुलाया गया था। आरोप है कि केतन अग्रवाल को किले से नीचे धक्का दिया गया, जिससे वह करीब 350 फीट गहरी खाई में जा गिरे और उनकी मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद सिया और उसके दोस्त ने इसे एक हादसा बताया। शुरुआत में कहा गया कि सेल्फी लेते समय केतन संतुलन बिगड़ने से वह खाई में गिर गया। लगभग 350 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई।

शादी के बुक हो चुके थे दो विमान

बता दें कि केतन अग्रवाल एक बड़े कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनकी शादी राजस्थान के जयपुर में बेहद भव्य तरीके से होने वाली थी। शादी की तैयारियां फाइनल स्टेज में थीं और दोनों परिवारों में खुशी की लहर थी। यहां तक कि केतन के परिवार ने शादी के लिए दो विमान तक बुक कर रखे थे।

इसी बीच केतन अपनी होने वाली पत्नी सिया गोयल के जन्मदिन के मौके पर उसके और कुछ दोस्तों के साथ लोहगढ़ ट्रेकिंग के लिए गए। किसी ने नहीं सोचा था कि यह ट्रिप शादी की तैयारियों के बजाय मौत और साजिश की जांच का कारण बन जाएगी। अब पुलिस की जांच में सामने आ रहे तथ्य इस पूरे मामले को रहस्यमयी बना रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com