एक्स गर्लफ्रेंड बनी जानलेवा झगड़े का कारण, पुणे में दोस्त ने दोस्त पर कोयते से किया जानलेवा हमला

Pune Koyta Attack Katraj: पुणे के कात्रज में एक युवक ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद में दोस्त पर कोयते से हमला कर दिया। आरोपी आदित्य कांबले गिरफ्तार।
Ex-Girlfriend Dispute Crime Pune
Ex-Girlfriend Dispute Crime Pune (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Pune CCTV Viral Video Crime: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक और शिक्षा राजधानी पुणे एक बार फिर 'कोयता' हमले की वारदात से दहल उठी है। शहर के कात्रज इलाके में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जहाँ महज एक पुरानी प्रेमिका (Ex-girlfriend) को फोन करने और 'ब्रेकअप' कराने के आरोपों के चलते एक युवक ने अपने ही दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी वारदात पास ही स्थित एक दुकान के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में दिख रही क्रूरता ने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है और इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, यह खूनी संघर्ष 2 फरवरी की रात करीब 8 बजे हुआ। घायल युवक, जिसकी पहचान चेतन चव्हाण के रूप में हुई है, फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

गर्लफ्रेंड, फोन कॉल और 'ब्रेकअप' का विवाद

जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावर आदित्य कांबले और पीड़ित चेतन चव्हाण लंबे समय से गहरे दोस्त थे। उस रात दोनों कात्रज में साथ थे, तभी एक पुरानी गर्लफ्रेंड का जिक्र छिड़ गया। दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस शुरू हुई कि किसने किसे फोन किया और किसके कारण किसका रिश्ता टूटा। विवाद बढ़ते ही दोनों ने एक-दूसरे पर ब्रेकअप कराने के गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। गुस्से में आपा खोते हुए आदित्य पास के एक रसवंती गृह (गन्ने के रस की दुकान) में घुसा और वहां से गन्ने काटने वाला कोयता (धारदार हथियार) उठाकर चेतन पर टूट पड़ा।

सीसीटीवी में कैद हुई रोंगटे खड़े करने वाली वारदात

वारदात के वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि आदित्य कितनी बेरहमी से चेतन पर वार कर रहा है। सड़क पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-बधिर भागते दिखे। हमले के बाद चेतन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों के अनुसार, चेतन के शरीर पर गहरे घाव आए हैं और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

डीसीपी का बयान और पुलिस की कार्रवाई

पुणे पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी आदित्य कांबले को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (DCP) मिलिंद मोहिते ने बताया, "हमने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह निजी रंजिश का मामला है, लेकिन हम इसकी हर पहलू से जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें कोई और भी शामिल था।" पुलिस फिलहाल घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com