

जय पवार ने पुणे स्थित सीआईडी कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात।
अजित पवार विमान हादसे की जांच की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।
जय पवार ने अजित पवार हादसे की जांच तेज करने की मांग की।
Jay Pawar Demands CID Inquiry Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिवंगत नेता अजित पवार के विमान हादसे को लेकर फिर एक बार हलचल तेज हो गई है। हादसे के पीछे की असली वजह और सच्चाई को सामने लाने के लिए अब उनके परिवार ने जांच एजेंसियों पर दबाव बढ़ा दिया है। अजित पवार के बेटे एवं एनसीपी के युवा नेता जय पवार ने इस मामले की जांच में तेजी लाने और निष्पक्षता बनाए रखने की पुरजोर मांग की है। बुधवार को जय पवार ने पुणे स्थित कार्यालय में सीआईडी के संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर जांच की प्रगति की समीक्षा की।
पुणे स्थित सीआईडी कार्यालय में जय पवार ने अजित पवार विमान हादसे की जांच की मौजूदा स्थिति, अब तक की गई कार्रवाई, जांच पूरी होने में लगने वाले संभावित समय और लंबित मुद्दों के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने जांच को पारदर्शी तरीके से जल्द पूरा करने और किसी भी तरह की देरी से बचने पर जोर दिया।
जय पवार ने कहा कि मेरे पिता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे के पीछे की सच्चाई सामने आना केवल एक परिवार का सवाल नहीं है, बल्कि उनसे अपार प्रेम करने वाले लाखों नागरिकों के विश्वास से जुड़ा विषय है।
जय पवार ने कहा कि हादसे को लेकर लोगों के मन में उठ रहे सवालों के जवाब मिलना और जांच के प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू की गहन पड़ताल होना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां सभी संबंधित पहलुओं की गंभीरता से जांच करेंगी और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था। घटना के बाद से ही मामले की जांच जारी है और समय-समय पर परिजन तथा समर्थक जांच को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाते रहे हैं।
जय पवार ने संकल्प जताया कि जब तक अजित पवार के विमान हादसे की सच्चाई सामने नहीं आ जाती, तब तक वह इस मामले की जांच को लेकर लगातार जानकारी लेते रहेंगे। उन्होंने जांच में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस दौरान विधायक विक्रम काकडे भी उनके साथ मौजूद थे।