Katraj Land Scam Pune: पुणे जमीन और प्लॉट खरीद-बिक्री के कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने की चाहत आज के दौर में कई बार भारी घाटे का सबक बन जाती है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला पुणे शहर से सामने आया है, जहां ऊंचे रिटर्न का लालच देकर चार लोगों से कुल 2.82 करोड़ रुपये की बड़ी धोखाधड़ी की गई है। इस ठगी के शिकार लोगों में नागपुर के एक नामी कारोबारी भी शामिल हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में दो अलग-अलग पुलिस थानों में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धोखाधड़ी का पहला और सबसे बड़ा मामला आंबेगांव पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक, नागपुर के रहने वाले 46 वर्षीय एक व्यवसायी और उनके तीन करीबियों को पुणे के कात्रज इलाके में जमीन खरीदने में निवेश करने का लालच दिया गया था। आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि इस निवेश के बदले उन्हें हर महीने भारी मुनाफा मिलेगा।
शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए कुछ महीनों तक लाभांश दिया भी गया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इस तरह इस समूह से करीब 2.5 करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए। पीड़ित कारोबारी की मुलाकात जुलाई 2023 में आरोपी आदित्य भारत गायकवाड (33, निवासी वडगांव शेरी) से हुई थी।
ठगी का दूसरा मामला सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले नांदेड़ सिटी इलाके का है। यहाँ जालसाजों ने एक पीड़ित को प्लॉट बेचने का झांसा दिया और धोखाधड़ी करते हुए 32 लाख रुपये की चपत लगा दी।
पुलिस ने इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सोमनाथ तानाजी राजपूत और गणेश बाबूराव गरूड़ नाम के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुणे पुलिस ने इस पूरे नेक्सस को बेनकाब करने के लिए तहकीकात तेज कर दी है। पुलिस निरीक्षक चांगदेव सजगणे खुद इस पूरे मामले की कमान संभाल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बैंक खातों और पुराने रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।