

PuneInfrastructure: पुणे के IT कॉरिडोर (Hinjewadi IT Hub) में दैनिक आवाजाही करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो लाइन-3 का परिचालन इस महीने (सितंबर) के अंत तक शुरू होने की संभावना है। पीएमआरडीए (PMRDA) के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस नई मेट्रो सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित कर सकते हैं।
पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (PMRDA) ने अपने शुरुआती संचालन प्लान का दायरा बढ़ा दिया है। पहले चरण में केवल 12 स्टेशनों से मेट्रो शुरू करने की योजना थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 17 स्टेशन कर दिया गया है। मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) ने पहले ही 12 स्टेशनों को मंजूरी दे दी है, जबकि बाकी 5 अतिरिक्त स्टेशनों का सुरक्षा निरीक्षण अगले सप्ताह होने जा रहा है।
PMRDA के महानगर आयुक्त अभिजीत चौधरी ने बताया कि सभी अनिवार्य सुरक्षा मंजूरियां मिलते ही यात्री सेवा शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, कॉरिडोर के 23 में से 6 स्टेशन, लक्ष्मी नगर, बालेवाड़ी फाटा, बालेवाड़ी गांव, बालेवाड़ी, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और शिवाजीनगर, निर्माण कार्य जारी रहने के कारण फिलहाल बंद रहेंगे। इन स्टेशनों का काम पूरा होने और क्लीयरेंस मिलने के बाद इन्हें खोला जाएगा।
कुल 23.23 किलोमीटर लंबा यह मेट्रो मार्ग हिंजवड़ी को वाकड़, बालेवाड़ी और बानेर के रास्ते शिवाजीनगर से जोड़ता है। इस रूट के शुरू होने से सेंट्रल पुणे और IT हब के बीच की व्यस्त सड़कों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे यात्रियों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।