Pune Online Plant Order Fraud: ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सावधानी न बरतना पुणे के 79 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर के जरिए उन्हें अपने जाल में फंसाया और मोबाइल फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर बैंक खाते से 4 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर कोंढवा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, कोंढवा इलाके में रहने वाले बुजुर्ग ने कुछ दिन पहले ऑनलाइन ‘डेजर्ट रोज’ पौधे के बीज मंगवाए थे। पार्सल मिलने के बाद उन्होंने देखा कि ऑर्डर की गई मात्रा के मुकाबले बीज कम थे। इसके बाद उन्होंने पार्सल के डिब्बे पर दिए गए कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया।
कॉल रिसीव करने वाले साइबर ठग ने खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया। शिकायत दर्ज करने के बहाने उसने बुजुर्ग से 5 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। बुजुर्ग ने जैसे ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू की, ठग ने उनके मोबाइल फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया।
मोबाइल का नियंत्रण मिलने के बाद ठग ने बुजुर्ग के बैंक खाते से 4 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। घटना का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया। कोंढवा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की साइबर सेल आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच टीम संबंधित मोबाइल नंबर और बैंक लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर और बैंक खाता किसके नाम पर है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी से जुड़ी किसी समस्या के लिए इंटरनेट पर मिले अज्ञात कस्टमर केयर नंबरों पर भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस देने वाले ऐप डाउनलोड न करें और बैंकिंग संबंधी जानकारी या भुगतान की अनुमति साझा करने से बचें।