Petrol Dealers Association Pune: पुणे शहर में CNG वितरण व्यवस्था को लेकर वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। CNG की कमी, कम गैस दबाव और सीमित फिलिंग क्षमता के कारण कई स्टेशनों पर लंबी कतारें लग रही हैं। वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन पुणे (PDAP) ने मामले में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
PDAP अध्यक्ष ध्रुव रूपारेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय के संयुक्त सचिव आलोक त्रिपाठी और निदेशक विकास सिंह से मुलाकात की। बैठक में GAIL और MNGL के अधिकारी भी मौजूद रहे। रूपारेल ने बताया कि पुणे में करीब 7.5 लाख CNG वाहन केवल 133 स्टेशनों पर निर्भर हैं। वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण खासकर पीक समय में स्टेशनों पर भारी भीड़ हो जाती है।
एसोसिएशन के अनुसार, कई CNG स्टेशनों पर कम गैस दबाव और सीमित फिलिंग क्षमता की समस्या है। कुछ स्टेशनों पर बार-बार गैस खत्म होने की शिकायत भी सामने आ रही है। इसके कारण सामान्य समय में वाहन चालकों को करीब 3 घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ता है, जबकि पीक समय में यह इंतजार 4 से 5 घंटे तक पहुंच जाता है।
CNG के लिए घंटों कतार में खड़े रहने का सीधा असर ऑटो रिक्शा, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों की आय पर पड़ रहा है। ईंधन भराने में अधिक समय लगने के कारण वाहन चालक कम ट्रिप कर पा रहे हैं। इससे उनकी रोजाना कमाई प्रभावित होने की बात कही गई है।
समस्या को लेकर हुई बैठक में मंत्रालय ने MNGL को व्यापक एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसमें CNG की आपूर्ति, गैस दबाव और स्टेशनों की फिलिंग क्षमता जैसी समस्याओं का समाधान शामिल करने को कहा गया है। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से पुणे में CNG आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।
पुणे शहर में CNG वाहनों की बड़ी संख्या और सीमित स्टेशनों के कारण सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति ज्यादा गंभीर हो जाती है। वाहन चालकों का कहना है कि यदि CNG स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जाए और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु की जाए तो लंबी कतारों से राहत मिल सकती है।