

Amrita Fadnavis Tilak Varma Conversation Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी व दिविजा फाउंडेशन की संस्थापिका अमृता फडणवीस और भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सितारे तिलक वर्मा आपस में खास बातचीत करते नजर आ रहे हैं। यह मौका था ग्रैविटस फाउंडेशन द्वारा आयोजित 'Urja Awards 2026' समारोह का, जहां दोनों दिग्गजों ने एक ही मंच साझा किया।
पुणे में आयोजित Urja Awards 2026 कार्यक्रम के दौरान जब तिलक वर्मा और अमृता फडणवीस आमने-सामने आए, तो दोनों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत हुई। देखते ही देखते इस पल का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस इस अनोखी जुगलबंदी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिखा जा सकता है कि अमृता फडणवीस और तिलक वर्मा आसपास बैठे हैं। जैसे ही अमृता की नजर तिलक पर पड़ती है तो वह उनसे बातचीत करने लगती है। दोनों की बीच हल्की सी मुस्कान के साथ बातचीत होती है। अब यह वीडियाे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रैविटस फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक बल्लेबाज तिलक वर्मा को खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अतुलनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद तिलक वर्मा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़े गर्व और सम्मान की बात है। देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मैं मैदान पर कड़ी मेहनत करके देश का सिर ऊंचा रखने की हर संभव कोशिश करता रहूंगा।
मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचीं अमृता फडणवीस ने समारोह को संबोधित करते हुए समाज में महिलाओं और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के विकास की जिम्मेदारी केवल सरकार या प्रशासन के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत सिर्फ जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्रीय भावना है, जिसे सेना, शिक्षा, खेल और समाज सेवा के जरिए नागरिक गढ़ते हैं। सावित्रीबाई फुले, अहिल्याबाई होल्कर और रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान नारियों ने देश को दिशा दिखाई थी, और आज भी समाज को ऐसी ही महिला नेतृत्व की जरूरत है।
Urja Awards 2026 के समारोह में अभिनेता चंकी पांडे, सिंबायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक डॉ. शांतनु बी. मजूमदार, चांसलर डॉ. विद्या येरवडेकर, ग्रैविटस फाउंडेशन की संस्थापिका उषा काकड़े और लोकमंगल फाउंडेशन के रोहन देशमुख सहित खेल, कला और समाज सेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।