Amruta Fadnavis Birthday: ‘तेरा पैसा तेरा...’, ऐसे शुरू हुई देवेंद्र और अमृता फडणवीस की अनोखी प्रेम कहानी

Amruta Fadnavis Birthday Special: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस का आज जन्मदिन है। जानिए बैंकर, सिंगर और टेनिस प्लेयर अमृता की जिंदगी के अनछुए पहलुओं और प्रेम कहानी।
Amruta Fadnavis Birthday
देवेंद्र फडणवीस और अमृता फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amruta Fadnavis And Devendra Fadnavis Marriage Story: महाराष्ट्र की राजनीति में 'पावर कपल' के रूप में पहचान रखने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अमृता फडणवीस की जोड़ी अक्सर चर्चा में रहती है। आज यानी 9 अप्रैल को अमृता फडणवीस का जन्मदिन है। वह न केवल एक राजनेता की पत्नी हैं, बल्कि उनकी अपनी एक बहुमुखी पहचान है। वह एक सफल बैंकर हैं, प्रशिक्षित शास्त्रीय गायिका हैं और सामाजिक कार्यों में भी काफी सक्रिय रहती हैं। उनके जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी और देवेंद्र फडणवीस की फिल्मी प्रेम कहानी और उनके जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातें।

अमृता और देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात कब और कैसे हुई?

अमृता और देवेंद्र फडणवीस की शादी की कहानी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी लगती है। देवेंद्र फडणवीस ने खुद एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि जब उन्होंने शादी करने का विचार किया, तो उनकी मां ने एक मैरिज ब्यूरो में उनका नाम रजिस्टर कराया था। वहां से आए कई फोटोग्राफ्स में से देवेंद्र ने अमृता का फोटो चुना और उनका नंबर मांगा।

देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि वह ट्रेन से यात्रा कर रहे थे जब उन्होंने पहली बार अमृता को फोन किया और अगले दिन नागपुर में मिलने का समय मांगा। दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन उनकी पहली मुलाकात हुई, उस दिन संयोग से अमृता का जन्मदिन ही था।

अमृता और देवेंद्र की पहली मुलाकात का किस्सा?

उनकी पहली मुलाकात एक दोस्त के घर पर हुई थी। इस मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए देवेंद्र फडणवीस बताते हैं कि करीब दो घंटे की उस बातचीत में से 1 घंटा 50 मिनट सिर्फ उन्होंने ही बात की थी और अमृता केवल 10 मिनट बोली थीं। देवेंद्र फडणवीस ने पहली ही मुलाकात में साफ कर दिया था कि वह जीवन भर राजनीति में ही रहेंगे, कभी कोई बिजनेस नहीं करेंगे और न ही पैसा कमाएंगे। उस समय अमृता बैंक में एक अच्छी पोस्ट पर थीं और देवेंद्र ने उनसे स्पष्ट कहा था, "तेरा पैसा तेरा, मेरा पैसा मेरा"।

Amruta Fadnavis davendra fadnavis Marriage
अमृता और देवेंद्र फडणवीस की शादी की तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)

वो 3 घंटे की 'लॉन्ग ड्राइव' और प्रपोजल

पहली दो मुलाकातों के बाद काफी समय तक दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ। फिर एक बार अमृता फडणवीस बैंक के काम से मुंबई आई हुई थीं और उन्होंने देवेंद्र फडणवीस को मिलने बुलाया। इसके कुछ समय बाद देवेंद्र ने उन्हें एक 'लॉन्ग ड्राइव' पर चलने को कहा। वह करीब 2-3 घंटे तक गाड़ी चलाते रहे और अमृता से बातें करते रहे, जब तक कि उन्होंने शादी के लिए 'हां' नहीं कह दी। मजे की बात यह है कि शादी का फैसला होने तक दोनों ने एक-दूसरे के माता-पिता को देखा तक नहीं था। CM फडणवीस बताते हैं कि अमृता को उस समय राजनीति की कोई जानकारी नहीं थी, यहां तक कि उन्हें यह भी नहीं पता था कि एक विधायक क्या होता है।

कितनी पढ़ी-लिखी हैं अमृता फडणवीस?

अमृता का जन्म 9 अप्रैल 1979 को नागपुर में हुआ था। उनके पिता डॉ. रानाडे एक नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं और उनकी मां एक स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। अमृता की शुरुआती पढ़ाई नागपुर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने फाइनेंस में एमबीए किया और पुणे के सिम्बॉयसेस लॉ स्कूल से टैक्सेशन की पढ़ाई की। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेल में भी माहिर रही हैं और अंडर-16 टेनिस में राज्य स्तर की खिलाड़ी रह चुकी हैं। अमृता फडणवीस और देवेंद्र फडणवीस की एक बेटी भी है, जिसका नाम दिविजा फडणवीस है।

Amruta Fadnavis devendra fadnavis Family
पति देवेंद्र फडणवीस और बेटी दिविजा के साथ अमृता फडणवीस

अमृता फडणवीस का करियर?

अमृता फडणवीस का बैंकिंग करियर साल 2003 में एक्सिस बैंक में एक कैशियर के तौर पर शुरू हुआ था। अपनी मेहनत के दम पर वह एक्सिस बैंक में 'वाइस प्रेसिडेंट - कॉर्पोरेट हेड (वेस्ट इंडिया)' के पद तक पहुंचीं। उन्होंने इसी साल फरवरी माह में एक्सिस बैंक में अपनी 23 साल की लंबी सर्विस से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा उन्हें गायन का भी बहुत शौक है। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म 'जय गंगाजल' में 'सब धन माटी' गाना गाया है। हाल ही में सिंगर बी प्राक के साथ उनका गाना 'तेरी मेरी प्रेम कहानी' भी काफी लोकप्रिय हुआ था।

Amruta Fadnavis Resigns from Axis Bank
अमृता फडणवीस ने एक्सिस बैंक से दिया इस्तीफा

अमृता फडणवीस किस NGO से जुड़ी हैं?

अमृता फडणवीस सामाजिक कार्यों में भी पीछे नहीं रहतीं। उन्होंने महाराष्ट्र के नागपुर जिले के दो गांवों फेटरी और कवडस को गोद लिया हुआ है। वह अक्सर महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रमों में नजर आती हैं। अमृता फडणवीस ने दिव्यज फाउंडेशन की स्थापना की है। यह एक समर्पित NGO हैं जो हाशिए पर पड़े और वंचित लोगों के उत्थान के मिशन पर कार्यरत है।

अमृता फडणवीस कई बार विवादों में भी रहीं। लग्जरी क्रूज 'अंग्रिया' पर सेल्फी लेना या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'फादर ऑफ कंट्री' कहना। कई बार वे अपने पहनावे को लेकर विरोधियों के निशाने पर रहती है। लेकिन वह हमेशा अपनी बातों को बेबाकी से रखने के लिए जानी जाती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com