Ajit Pawar Plane Crash: राज ठाकरे का भावुक पोस्ट, महाराष्ट्र की राजनीति को बताया बड़ा नुकसान

Ajit Pawar News: अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक है। MNS प्रमुख राज ठाकरे ने भावुक पोस्ट में उन्हें बेबाक, सक्षम प्रशासक और राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
Raj Thackeray On Ajit Pawar Death
राज ठाकरे का अजित पवार की मौत की खबर पर रिएक्शन (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Raj Thackeray Reaction On Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर और एनसीपी नेता अजित पवार की विमान हादसे में मौत की खबर के बाद पूरे राज्य में शोक का माहौल है।

इसी बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने एक भावुक पोस्ट साझा कर अजित पवार को श्रद्धांजलि दी है और उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बड़ा नुकसान बताया है।

जानकारी के मुताबिक अजित पवार मुंबई से विमान द्वारा बारामती जा रहे थे। DGCA के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें अजित पवार समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

राज ठाकरे ने क्या लिखा?

राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में लिखा कि अजित पवार उनके दोस्त थे और दोनों लगभग एक ही दौर में राजनीति में आए थे। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने राजनीति के प्रति अपने गहरे लगाव और मेहनत के दम पर महाराष्ट्र की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई।

राज ठाकरे ने यह भी उल्लेख किया कि भले ही अजित पवार को शरद पवार ने राजनीति में तैयार किया हो, लेकिन बाद में उन्होंने खुद की मजबूत और स्वतंत्र छवि बनाई, जिसे महाराष्ट्र के कोने-कोने तक पहुंचाया।

शहरीकरण की राजनीति को समझने वाला नेता

राज ठाकरे ने लिखा कि 1990 के दशक में महाराष्ट्र में तेजी से शहरीकरण बढ़ रहा था और अजित पवार उन गिने-चुने नेताओं में थे, जिन्हें सेमी-अर्बन और ग्रामीण राजनीति को संतुलित तरीके से संभालना आता था। पिंपरी-चिंचवड़ और बारामती इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं, जहां उनके राजनीतिक विरोधी भी उनके काम की सराहना करते हैं।

प्रशासन पर मजबूत पकड़

पोस्ट में राज ठाकरे ने अजित पवार की प्रशासनिक क्षमता की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अजित पवार जानते थे कि किसी फाइल की उलझन को कहां और कैसे सुलझाना है। आज के दौर में, जब प्रशासन राजनीति से ऊपर होता जा रहा है, ऐसे नेता का जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

बेबाक, गैर-जातिवादी नेता

राज ठाकरे ने अजित पवार को बेबाक और साफगोई वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार न तो झूठे वादे करते थे और न ही जातिवादी राजनीति में विश्वास रखते थे। आज की राजनीति में ऐसे नेता बहुत कम बचे हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति को बड़ा नुकसान

राज ठाकरे ने अंत में लिखा कि राजनीति में विरोध निजी नहीं होना चाहिए, और ऐसे सच्चे राजनीतिक विरोधियों का एक-एक कर चले जाना महाराष्ट्र की स्वस्थ राजनीति के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने पवार परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए MNS की ओर से अजित पवार को श्रद्धांजलि दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com