Ajit Pawar Plane Crash: टेल सुरक्षित तो ब्लैक बॉक्स कैसे जला? AAIB की जांच पर अमोल मिटकरी के सवालों से हड़कंप

Ajit Pawar Plane Crash Investigation:अजित पवार विमान हादसे में बड़ा खुलासा। AAIB ने Learjet 45 के DFDR से डेटा रिकवर किया, जबकि CVR की जांच जारी है। अमोल मिटकरी ने ब्लैक बॉक्स को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
Amol Mitkari Questions Ajit Pawar Plane Crash Investigation Black Box
अजित पवार विमान हादसे को लेकर अमोल मिटकरी का सोशल मीडिया पोस्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amol Mitkari Questions Black Box: महाराष्ट्र की राजनीति को झकझोर देने वाले अजित पवार विमान हादसे की जांच में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने इस मामले में पहली बार आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया है कि उन्हें दुर्घटनाग्रस्त विमान से महत्वपूर्ण डेटा प्राप्त करने में सफलता मिली है।

विमान हादसे को लेकर AAIB ने क्या कहा?

AAIB द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुए Learjet 45 (VT-SSK) विमान में दो स्वतंत्र फ्लाइट रिकॉर्डर मौजूद थे। जांच एजेंसी ने खुलासा किया कि विमान में काफी समय तक आग लगे रहने के कारण दोनों रिकॉर्डर अत्यधिक गर्मी (तीव्र उष्णता) की चपेट में आए थे और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा था। राहत की खबर यह है कि L3-कम्युनिकेशन्स द्वारा निर्मित डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) का डेटा AAIB की प्रयोगशाला में सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है। हालांकि, हनीवेल कंपनी द्वारा निर्मित कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। इसका सखोल तकनीकी परीक्षण जारी है और डेटा रिकवरी के लिए जिस देश में यह बना है, वहां के विशेषज्ञों की मदद मांगी गई है। AAIB ने स्पष्ट किया है कि वे अंतर्राष्ट्रीय मानकों (ICAO) के तहत पारदर्शी और सबूतों पर आधारित जांच कर रहे हैं।

अमोल मिटकरी ने जांच को लेकर उठाए गंभीर सवाल

एक तरफ जहां जांच एजेंसी तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन कर रही है, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अमोल मिटकरी ने AAIB की जांच को लेकर गंभीर संदेह व्यक्त किए हैं। मिटकरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए सवाल उठाया कि विमान का 'ब्लैक बॉक्स' हमेशा उसकी 'टेल' (पूंछ) में होता है क्योंकि दुर्घटना के समय अक्सर विमान का पिछला हिस्सा पूरी तरह नहीं जलता।

अमोल मिटकरी ने दावा किया कि हादसे का शिकार हुए विमान की पूंछ पूरी तरह सुस्थित है और वह जली नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जब विमान की पूंछ सुरक्षित है, तो उसके अंदर रखा गया ब्लैक बॉक्स, जो अत्यधिक तापमान सहने के लिए ही बनाया जाता है, वह जलकर खाक कैसे हो गया?

इसके अलावा, अमोल मिटकरी ने अजित पवार के देवगिरी से निकलने से लेकर विमान में बैठने तक के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की भी मांग की है और यह भी पूछा है कि उस वक्त उनके साथ कौन मौजूद था। फिलहाल, AAIB ने सभी पक्षों से अनुरोध किया है कि वे जांच प्रक्रिया पर विश्वास रखें और केवल अनुमान लगाने से बचें।

Navbharat Live
navbharatlive.com